देहरादून में एसओपी के मुताबिक खुले शापिंग माल, कम आए ग्राहक
देहरादून। राज्य सरकार की एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) के मुताबिक जिम के बाद दून में शापिंग माल भी खुल गए हैं। पहले दिन अधिकतर माल में कार्मिकों की संख्या 50 फीसद के करीब दिखी और ग्राहक भी सीमित संख्या में पहुंचे। दून के बाजार को सुबह आठ बजे से शाम सात बजे तक खोलने की छूट दी गई है। कोरोना कफ्यरू में मिली छूट के बाद बाजार में भीड़-भाड़ देखने को मिल रही है। स्थानीय बाजार में खरीदारी करने वालों की संख्या काफी अधिक है। इसी के अनुरूप उम्मीद की जा रही थी कि लंबे समय बाद खोले गए शापिंग माल में भी रौनक लौटेगी।
हालांकि, ऐसा कहीं नजर नहीं आया। अधिकतर शापिंग माल में खरीदारी करने वालों की संख्या बेहद कम रही। कारोबारी इसके पीछे का कारण कोरोना का प्रभाव मान रहे हैं। क्योंकि दैनिक जरूरत वाली वस्तुओं की खरीद जरूरी है और इस तरह के प्रतिष्ठानों में खासी भीड़ है। वहीं, दैनिक जरूरतों के अलावा अन्य तरह के साजो-सामान की खरीद को लेकर लोग खास दिलचस्पी नहीं दिखा रहे।
हालांकि, माल संचालकों ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिहाज से सभी व्यवस्था दुरुस्त कर रखी हैं। अधिकतर माल के व्यापारिक प्रतिष्ठानों को 50 फीसद क्षमता के साथ ही खोला जा रहा है और कार्मिकों की संख्या भी इसी के अनुरूप दिख रही है। वहीं, माल संचालकों का यह भी मानना है कि आने वाले कुछ दिनों में खरीदारी की स्थिति सामान्य हो सकती है।
