नए साल पर फायरब्रिगेड की ताकत बढ़ेगी:आग बुझाने के लिए अब एक साथ तीन कोनों से दौड़ेंगी 17 दमकलें
बीकानेर तीन महीने बाद अब शहर में कहीं आग लगी तो उसे बुझाने के लिए अब शहर के तीन कोनों से एक साथ दमकलें दौड़ेंगी। जिस फायर स्टेशन के करीब आग लगने वाली जगह होगी वो तो पहुंचेगी ही साथ ही उसे कवर देने के लिए अब दूसरे कोनों से भी एक साथ आग बुझाने वाली 17 गाड़ियाें का बेड़ा मदद करेगा।
ऐसा इसलिए क्याेंकि मार्च तक शिव वैली में तैयार फायर स्टेशन का ना सिर्फ आधिकारिक उद्घाटन हाे जाएगा बल्कि फायर ब्रिगेड के बेड़े में आठ नई दमकल गाड़ियां भी आ जाएगी। सरकार ने नगर निगम काे आठ नई दमकल देने की घाेषणा की है और उनकी खरीददारी की प्रक्रिया भी शुरू हाे गई है। फिलहाल बीछवाल और मुरलीधर व्यास काॅलाेनी में ही फायर स्टेशन हैं जिसमें नाै दमकलें काम कर रही हैं।
मार्च तक आठ और नए दमकल वाहन आ जाएंगे। 17 दमकलें बड़े अग्नि कांड काे नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त हैं। पिछले साल ही फरवरी में मेयर सुशीला कंवर ने शिववैली में नया फायर स्टेशन बनवाने का एलान किया था और अब केन्द्र बनकर तैयार हो गया है। चार दीवारी के साथ गाड़ियों की पार्किंग, स्टाफ के लिए तीन कमरे भी तैयार किए गए हैं। मार्च में स्टेशन का शुभारंभ करने की योजना है।
चाैथा फायर स्टेशन हल्दीराम प्याऊ के पास बनाने का प्लान : मेयर सुशीला कंवर का कहना है कि बीछवाल, मुरलीधर और शिववैली स्टेशन बनने से शहर के तीन काेनाें पर फायरिंग स्टेशन बन गया लेकिन जयपुर राेड अब बसावट के लिए प्रमुख इलाकाें में शामिल हाे रहा है। इसलिए हल्दीराम प्याऊ के पास भी फायर स्टेशन बनाने की जरूरत है क्याेंकि जाेधपुर-बाईपास तक काॅलाेनियां बस गई हैं। आज अगर हल्दीराम प्याऊ के आसपास आग लगती है ताे दमकल पहुंचने में 10 मिनट तक का वक्त लगता है लेकिन जल्दी पहुंचने के लिए वहां भी केन्द्र जरूरी है।
