Sun. May 31st, 2026

इसी सत्र में शुरू हाेगा झालावाड़ में होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट:अब झालावाड़ में ही तैयार हो सकेंगे बेहतरीन शैफ, होटल मैनेजर और अन्य कर्मचारी

झालावाड़ होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट की संबद्धता काे लेेकर प्रक्रिया तेज हो गई हैं। फिलहाल, इसका भवन बनकर तैयार हो गया है और इसका अंतिम निरीक्षण भी हो चुका है, जबकि हॉस्टल का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। नेशनल काउंसिल फॉर होटल मैनेजमेंट, नोएडा से इसकी जल्दी ही मान्यता मिलने की उम्मीद है। इसके बाद यहां पर साल 2022 में प्रवेश शुरू हो जाएंगे। यहां पर तीन वर्षीय बीएससी होटल मैनेजमेंट कोर्स होगा। इसमें नेशनल लेवल इंट्रेंस टेस्ट के माध्यम से प्रवेश होगा। इसी तरह पांच कोर्स डेढ़ साल की अवधि के होंगे।

इसमें शेफ कोर्स, मैनेजर, हाउस कीपिंग, रिसेप्शनिस्ट सहित बेकरी एंड कनफेक्शनरी के कोर्स होंगे। यहां पर फाइव स्टार होटलों के लिए अधिकारी और कर्मचारी तैयार हो सकेंगे। दरअसल, संभाग में यह पहला होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट होगा। अभी तक यहां के विद्यार्थियों को जयपुर और मध्यप्रदेश के इंदौर तक होटल मैनेजमेंट के कोर्सेज करने के लिए जाना पड़ता था, लेकिन अब यहां दूर दराज से विद्यार्थी आएंगे।

होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट में होंगी 320 सीटें

होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट में 320 सीटें होंगी। तीन वर्षीय बीएससी इन होटल मैनेजमेंट कोर्स में 120 सीटें रहेंगी, जबकि डेढ़ वर्षीय पांच कोर्सों में 40-40 सीटें रहेंगी। डेढ़ वर्षीय पांच कोर्स में कॉलेज स्तर पर ही प्रवेश लिए जा सकेंगे। यहां पर फाइव स्टार होटलों के शैफ़ व मैनेजर तैयार होंगे।

क्यों है जरूरत यहां पर होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट की
मुकंदरा टाइगर रिजर्व क्षेत्र में सफारी शुरू होने के बाद यहां होटल व्यवसाय को गति मिल सकेगी। इसी तैयारी में झालावाड़ और कोटा में कई बड़े होटलों के निर्माण हो चुके हैं। इन होटलों में डिग्री और डिप्लोमाधारी प्रशिक्षित कर्मचारी मिल सकेंगे। यहां पर अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी यहीं पर बेहतरीन रोजगार मिल सकेगा।

  • होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट के एफिलिएशन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। जल्द ही इसकी मान्यता मिल जाएगी। यहां अगले सत्र से प्रवेश हो सकते हैं। यहां पर फाइव स्टार होटलों के शैफ, मैनेजर और अन्य स्टाफ तैयार होगा। – डॉ.बलवीर सिंह, ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed