निर्देश:विकास शिविर में जल जीवन मिशन पर चर्चा की
पीलीबंगा 6एसजीआर में सोमवार को विकास शिविर लगाया गया। अतिरिक्त विकास अधिकारी हुकम सिंह राठौड़ ने ग्रामीणों को जल जीवन मिशन के बारे में जानकारी दी। जल जीवन मिशन अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं के बारे में बताते हुए ग्रामीणों से शीघ्र ही निर्धारित अंशदान जमा कराने संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए।
प्रगति प्रसार अधिकारी सुभाष बागड़ी ने वर्षा जल के संग्रहण की गतिविधियों के बारे में बताते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य करने की बात कही। सरपंच रामकुमार व वीडीओ महावीर बिश्नोई ने पंचायती राज विभाग की विकास योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, एसबीएम के बारे में जानकारी दी।
सहायक विकास अधिकारी मालचंद गोगना ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत पात्रता सूची एवं पात्र परिवारों के लिए आवश्यक शर्तों की जानकारी दी। शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत स्वीकृत आवासों को शीघ्र पूरा करने स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायत को ओडीएफ मापदंड अनुसार कार्य योजना बनाने के बारे में भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत 6 बीएचएम में मंगलवार को विकास शिविर का आयोजन हुआ। अतिरिक्त विकास अधिकारी हुकम सिंह राठौड़ ने जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर सरपंच रोशनलाल, प्रगति प्रसार अधिकारी सुभाष बागड़ी, मालचंद गोगना, पंचायत सहायक महेंद्र सारण सहित कर्मचारी अधिकारी मौजूद रहे।
