Wed. Nov 25th, 2026

हेलीपैड के निरीक्षण को पहुंची डीजीसीए की टीम

रुद्रप्रयाग : केदारनाथ यात्रा के लिए हेली कंपनियों को नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की हरी झंडी का इंतजार है। बुधवार को दिल्ली से डीजीसीए की टीम केदारघाटी पहुंची। टीम सभी नौ हवाई कंपनियों के हेलीपैड का दो दिन के भीतर निरीक्षण करेगी। गुरुवार तक सभी हेलीपैड का निरीक्षण कर उड़ान की अनुमति दे दी जाएगी। आगामी छह मई से केदारनाथ के लिए विधिवत हवाई सेवाएं शुरू हो जाएंगी।

केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा के संचालन की अनुमति देने के लिए डीजीसीए की टीम बुधवार को गुप्तकाशी के नारायण कोटी पहुंची। टीम ने पहले दिन पांच हेली कंपनियों के हेलीपैड का निरीक्षण किया। डीजीसीए के टीम नौ हेलीपैड के साथ ही केदारनाथ बेस कैंप में स्थित हेलीपैड का भी निरीक्षण करेगी। उम्मीद है कि गुरुवार शाम तक टीम अपनी रिपोर्ट सौंप देगी। जिसके बाद इन कंपनियों को केदारनाथ के लिए उड़ान भरने की अनुमति मिलेगी।

वहीं, केदारनाथ धाम के लिए आने वाली 20 मई तक सभी हेली कंपनियों के टिकट फुल हैं। करीब 15 हजार टिकट की बुकिग हो चुकी है। केदारनाथ के लिए फाटा, नारायणकोटी, सेरसी, सोनप्रयाग हेलीपैड से उड़ान भरी जाएंगी। वहीं, केदारघाटी में सभी हेली कंपनियों का स्टाफ व हेलीकाप्टर अपने हेलीपैड पर पहुंच चुके हैं। हवाई सेवा के नोडल अधिकारी सुनील नौटियाल ने कहा कि दिल्ली से डीजीसीए की टीम निरीक्षण के लिए पहुंच चुकी है। पांच मई तक सभी औपचारिकताएं पूरी हो जाएंगी। उम्मीद है कि यात्रा के शुरू दिन यानी छह मई से केदारनाथ धाम के लिए सभी नौ हवाई कंपनियों की हेली सेवाएं शुरू हो जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed