धरा को हर-भरा रखने का लिया संकल्प
ऋषिकेश: विश्व पर्यावरण दिवस पर ऋषिकेश तथा आसपास क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न संस्थाओं ने क्षेत्र में स्वच्छता तथा जन जागरूकता अभियान भी चलाए। नागरिकों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन (एसएनसीएफ), संत निरंकारी मिशन की सामाजिक शाखा की ओर से त्रिवेणी घाट परिसर में विशाल सफाई अभियान चलाया गया। संत निरंकारी मंडल की सचिव बहन प्रवीण खुल्लर की अध्यक्षता व समाजसेवी हर्षवर्धन शर्मा के संरक्षण में संचालित कार्यक्रम में संत निरंकारी मिशन के एक हजार से अधिक अनुयायियों ने प्रार्थना तथा पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के पश्चात त्रिवेणी घाट पर सफाई अभियान चलाया
विश्व पर्यावरण दिवस पर अर्थ डे नेटवर्क व लोक पर्यावरण शिक्षा संस्थान ने रायल इनफील्ड के सहयोग से गंगा के त्रिवेणी घाट से चंद्रभागा नदी के संगम तट तक प्लास्टिक हटाओ गंगा बचाओ स्वच्छता कार्यक्रम चलाया। इस दौरान स्वच्छ गंगा नदी बचाओ अभियान की टीम और रोटरी क्लब ऋषिकेश की टीम ने नागरिकों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया। इस दौरान लोक पर्यावरण शिक्षा संस्थान के अध्यक्ष, अर्थ डे नेटवर्क के सलाहकार श्याम लाल भाई, अक्षय सिंह, रोटरी क्लब ऋषिकेश के अध्यक्ष संजय सकलानी आदि मौजूद रहे। पं. ललित मोहन शर्मा परिसर ऋषिकेश में विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर एसपीइसीएस देहरादून के संस्थापक डा. बृजमोहन शर्मा, नीरजा देवभूमि चैरिटबेल ट्रस्ट की संस्थापक पैरा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नीरजा गोयल, प्लांटिका ट्रस्ट के संस्थापक अनूप बडोनी व परिसर के प्राचार्य प्रो. गुलशन कुमार ढ़ींगरा के साथ छात्र-छात्राओं ने परिसर में कई प्रजाति के पौधों का रोपण किया। डा. हंदु तिवाड़ी के संचालन व डा. पुष्कर गौड़ के सहसंयोजन में चले कार्यक्रम में डा. एपी सिंह, डा. प्रमोद कुकरेती, डा. अशोक मैंदोला, डा. गौरव वाष्र्णेय, डा. धीरेन्द्र सिंह, डा. प्रीति खंडूरी, डा. नीता जोशी, डा. हेमलता मिश्रा आदि मौजूद रहे।
