प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी विवि वेबसाइट पर उपलब्ध
श्रीनगर गढ़वाल : गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के डा. आंबेडकर सेंटर फार एक्सीलेंस में प्रवेश को लेकर बीते 21 जुलाई को हुई प्रवेश परीक्षा के प्रश्नों की अधिकृत उत्तर कुंजी (आंसर की) विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। प्रवेश परीक्षा के को-आर्डिनेटर प्रो. अनिल कुमार नौटियाल ने कहा कि प्रवेश परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी इस उत्तर कुंजी में प्रश्नों के सही उत्तरों के विकल्प देख सकते हैं। इस संबंध में यदि कोई अभ्यर्थी अपनी आपत्ति दर्ज कराना चाहता है, तो वह आठ अगस्त तक सुबह 11.50 बजे तक को-आर्डिनेटर प्रवेश परीक्षा सेल के ई मेल पर अपनी आपत्ति तथा उससे संबंधित आवश्यक साक्ष्य भी संलग्न कर प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रो. नौटियाल ने कहा कि आठ अगस्त के बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
