Fri. Nov 27th, 2026

कबड्डी के मैदान में सीएम धामी ने आजमाए दांव-पेच, 48वीं राष्ट्रीय जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप की शुरुआत

हरिद्वार: पंतद्वीप मैदान में गुरुवार से शुरू हुई 48वीं राष्ट्रीय जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मैदान में कबड्डी के दांव-पेच आजमाते नजर आए। इस दौरान कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ और सीमावर्ती गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।

सरकार सर्मपण भाव से कर रही कार्य

प्रतिभावान खिलाड़ी जो खेल सुविधाओं के अभाव या आर्थिक रूप से कमजोर होने से पीछे रह जाते हैं, उनके लिए प्रदेश सरकार सर्मपण भाव से कार्य कर रही है। खिलाड़ी खेल भावना को सबसे ऊपर रखकर देश का नाम रोशन करें। केंद्र और राज्य सरकार हमेशा खेल प्रेमियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जब भी वह खिलाड़ियों के बीच आते हैं उन्हें गौरव की अनुभूति होती है। उन्होंने भी बचपन में काफी कबड्डी खेली है। खेल में हार-जीत एक सिक्के के दो पहलू होते हैं, जिसे खुले दिल से स्वीकर करें। खेलभावना को ऊपर रखकर प्रसिद्धि पाना सुखद होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है

आज खिलाड़ी कोई भी मुकाबला खेलने देश से बाहर जाते हैं तो प्रधानमंत्री उनसे मिलकर हौसला बढ़ाते हैं। उत्तराखंड में भी राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी योजना और खेल छात्रवृत्ति योजनाएं लागू की हैं। प्रदेश में खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए नई खेल नीति लागू की गई है। देहरादून में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज को स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय बनाने की कवायद भी चल रही है।

इसके अलावा गांवों में युवा सेहतमंद रहें, इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायतों में ओपन जिम की व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता में 30 टीमों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में हरिद्वार नगर विधायक मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, अखाड़ा परिषद महानिर्वाणी के अध्यक्ष स्वामी रवींद्र पुरी महाराज, महापौर अनिता शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, रुड़की भाजपा जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष बृजभूषण विद्यार्थी के अलावा जिलाधिकारी विनय शंकर पांडेय, एसएसपी अजय सिंह समेत समेत बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed