हल्द्वानी। वन पंचायत संघर्ष समिति की ओर से काठगोदाम में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला संपन्न हो गई है। कार्यशाला में कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के सरपंचों, पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने शिरकत की। कार्यशाला के दूसरे दिन समिति की अस्थायी कार्यकारिणी का गठन किया गया। पूरन सिंह रावल को अध्यक्ष, हीरा और दान सिंह कठायत को उपाध्यक्ष, डूंगर सिंह और कमान सिंह को सचिव, अमरावती और अर्जुननाथ गोस्वामी को कोषाध्यक्ष चुना गया। तरुण जोशी, ईश्वर जोशी, हीरा जंगपांगी, गणेश जोशी, हेमा जोशी, खीमा और भुवन पाठक को संरक्षक मंडल में शामिल किया गया। फरवरी सप्ताह में गढ़वाल में होने वाले सम्मेलन में कार्यकारिणी को स्थायी रूप दिया जाएगा। इस दौरान दीवान खनी, पीसी तिवारी, ललित उप्रेती, सरस्वती, मोहम्मद सफी आदि मौजूद रहे।
कड़े वन कानून बनाकर ग्रामीणों के हक हकूक खत्म किए जा रहे हैं। संगठन का मकसद जल, जंगल, जमीन और वन अधिकारों की सुरक्षा करना है।
पूरन सिंह रावल, प्रदेश अध्यक्ष, वन पंचायत संघर्ष समिति
वन पंचायतों के अधिकारों को खत्म करने के लिए राज्य सरकार नया ड्राफ्ट तैयार कर रही है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ईश्वर जोशी, संयोजक, उत्तराखंड संसाधन पंचायत
महिलाओं की सक्रिय भूमिका से वन पंचायतों को बचाया जा सकता है। सरकार पूंजीपतियों को जंगलों के दोहन की अनुमति दे रही है, इस पर रोक लगनी चाहिए।
सरस्वती, सरपंच, महरा गांव (भीमताल)
वनाधिकार अधिनियम लागू करने की आवश्यकता है। तब ही पर्यावरण संरक्षित होगा और ग्रामीणों की आजीविका में सुधार होगा। पलायन की रफ्तार भी थमेगी।
तरुण जोशी, संयोजक, वन पंचायत संघर्ष मोर्चा