कई बार हो चुके हादसे:हाईवे पर भी आवारा पशुओं का कब्जा, दिन-रात सड़क पर ही बैठे नजर आते है
शहर के भीतरी हिस्सों के साथ हाईवे पर भी आवारा पशुओं का कब्जा बढ़ते जा रहा है। यहां शनवारा सब्जी नीलाम मंडी होने के कारण आवारा पशु ज्यादा आते है। मंडी से भगाए जाने पर यह हाईवे पर घूमते है और फिर दोबारा मंडी में ही चले जाते है। आवारा पशुओं के कारण हाईवे पर भी कई हादसे हो चुके है, लेकिन सख्त कार्रवाई नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है।
इंदौर इच्छापुर हाईवे पर शनवारा से गणपति थाना चौराहे तक आवारा पशु ज्यादा घूमते है। यहां दिनभर आवारा पशु नजर आ जाएंगे, जिससे आवागमन में परेशानी होती है। आवारा पशुओं की समस्या ऐसे तो पूरे शहर की बन गई है। शहर के भीतरी सड़कों पर, सिंधीबस्ती से लालबाग, कलेक्टर कार्यालय, रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते पर भी यही स्थिति बनी हुई है।
इसी सप्ताह हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भी आवारा पशुओं के कारण होने वाली परेशानी और हादसा का मुद्दा उठा था। इस पर कलेक्टर भव्या मित्तल ने नगर निगम को एमआईसी से प्रस्ताव पारित कर ऐसे पशुओं पर कार्रवाई और पशु पालकों के खिलाफ चालान की राशि निर्धारित कर पशुओं को पकड़ कर गौशाला भेजने के निर्देश दिए है।
