दक्षिण नगर निगम का बजट इस बार 605 करोड़ का, पिछले साल से 124 करोड़ अधिक
कोटा दक्षिण नगर निगम का वर्ष 2023-24 का बजट 605 करोड़ रुपए होने का अनुमान है। यह पिछले वित्त वर्ष 2022-23 से 124 कराेड़ रुपए अधिक है। इसमें व्यय के लिए 571 कराेड़ रुपए का प्रावधान रखा है, जाे पिछले वर्ष से 93 कराेड़ रुपए अधिक है। विकास एवं निर्माण कार्याें पर 87.50 कराेड़ रुपए खर्च का प्रावधान हाेगा।
यह बजट 4 फरवरी काे सुबह 11 बजे हाेने वाली बाेर्ड की बैठक में रखा जाएगा। गुरुवार काे हाेने वाली वित्त समिति की बैठक और बाेर्ड की बैठक में पार्षदाें के सुझावाें व मांग के अनुरूप इसमें आशिंक बदलाव किए जा सकते हैं। फाइनल हाेकर बजट 1 अप्रैल से लागू हाेगा।
अपनी जमीन की सुरक्षा पर 50 लाख खर्च
नगर निगम के पास 20 से अधिक ऐसे कीमती प्लाॅट हैं, जाे निगम ने अतिक्रमण मुक्त करवाए हैं। इनकाे नीलाम नहीं किया जा रहा है। इन पर दुबारा अतिक्रमण न हाे जाए, इसके लिए हाेमगार्ड व अन्य संविदा कर्मचारियाें काे लगाया जा रहा है। जिस पर 50 लाख रुपए खर्च किया जाएगा। ये प्लाॅट यदि नीलाम कर दें ताे निगम काे करीब 100 कराेड़ रुपए आय हाेगी। इस बजट में भी निगम ने इन्हें बेचने और उससे 100 कराेड़ रुपए आय हाेने का प्रावधान है।
निजी आय काफी कम, 605 कराेड़ रुपए में सबसे ज्यादा 235 करोड़ अनुदान में मिलेंगे
- 185.70 कराेड़ रुपए चुंगी पुनर्भरण से – राज्य सरकार से आवंटित इस राशि काे बढ़ाते हुए इस वर्ष 185 कराेड़ रुपए का प्रावधान है।
- 184.51 कराेड़ रुपए राजस्व आय – यूडी टैक्स, विभिन्न अधिनियम व नियमाें से प्राप्त आय, निगम की संपत्ति से आय, वाणिज्यिक संस्थानाें से आय में वृद्धि करते हुए 184.51 कराेड़ रुपए की आय हाेने का प्रावधान रखा गया है।
- 235.02 कराेड रुपए राज्य व केंद्र सरकार से अनुदान – राज्य व केंद्र सरकार की ओर से आवंटित छठे वित्त आयाेग, स्वच्छ भारत मिशन, 15वें वित्त आयाेग, पाॅल्यूशन कंट्राेल बाेर्ड, डेएनयूएलएम, इंदिरा गांधी शहरी गारंटी राेजगार याेजना व इंदिरा रसाेई से 235.02 कराेड़ रुपए का अनुदान मिलना बताया गया है।
यूआईटी से 30 कराेड़ मिलने का अनुमान बताया, जो मिलते नहीं
यूआईटी जाे जमीन व प्लाॅट बेचती है, जिसका 15 प्रतिशत हिस्सा नगर निगम काे देने का नियम है। क्याेंकि इन पर बनने वाली काॅलाेनियाें की सफाई का जिम्मा नगर निगम का हाेता है। हर साल नगर निगम बजट में यूआईटी से राशि लेने का प्रावधान रखता है, लेकिन यूआईटी देती नहीं है। यूआईटी इसके बदले वार्डाें में करवाए विकास कार्य गिना देती है। इस बार भी दक्षिण निगम ने बजट में यूआईटी से 30 कराेड़ रुपए लेने का प्रावधान रखा है।
कुर्सी पर नोटिस चस्पा किया तो आज बुलाई वित्त समिति की बैठक
दक्षिण नगर निगम वित्त समिति की बैठक गुरुवार दाेपहर 3.30 बजे ए ब्लाॅक में हाेगी। इसमें निगम के अन्य अनुभागाें व समितियाें से बजट के लिए आए प्रस्तावाें पर चर्चा की जाएगी। निगम के बजट से पहले वित्त समिति की बैठक बुलाने की मांग काफी समय से की जा रही थी। वित्त समिति के अध्यक्ष देवेश तिवारी ने मंगलवार काे इस मांग काे लेकर कार्यवाहक आयुक्त अंबालाल मीणा काे नाेटिस भी जारी किया था।
