Mon. May 11th, 2026

केदारनाथ में जमी मोटी बर्फ, पहाड़ों ने भी ओढ़ी सफेद चादर; सड़कें जाम, देहरादून में झमझम बरसात

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के बदले मिजाज के बीच वर्षा-बर्फबारी के साथ ही ओलावृष्टि का क्रम भी जारी है। बीते दो दिन से प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रककर भारी हिमपात हुआ है। जबकि, निचले क्षेत्रों में झमाझम वर्षा और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई है।

ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है। बड़ी संख्या में सड़कें बंद हो गई हैं और करीब 100 से अधिक गांव का संपर्क कट गया है। मौसम के करवट बदलने से ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।

गुरुवार को भी ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह से ही वर्षा-बर्फबारी का क्रम जारी रहा। चारधाम बर्फ से लकदक हो गए हैं। केदारनाथ में ढाई फीट से अधिक बर्फ जम गई है। इसके अलावा रुद्रप्रयाग में तुंगनाथ, मध्यमेश्वर व जनपद की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दूसरे दिन भी भारी हिमपात हुआ। चमोली जिले में दो दिन से हो रही वर्षा व बर्फबारी से दुश्वारियां भी बढ़ी हैं। बर्फबारी से तीन सड़के अवरुद्ध है।

रुक-रुक कर हो रही बर्फबारी से बदरीनाथ हाईवे पांडुकेश्वर से बदरीनाथ के बीच बंद हो गई है। शीतकाल में इस सड़क पर सेना आइटीबीपी, बीआरओ के वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। उत्तरकाशी में बर्फबारी और वर्षा के चलते 50 से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति ठप है। बर्फबारी से बिजली आपूर्ति सबसे अधिक प्रभावित मोरी तहसील क्षेत्र में हुई।

गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब समेत हर्षिल, औली, तुंगनाथ समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी से जहां कड़ाके की ठंड का प्रकोप है तो वहीं कई सड़कें अवरुद्ध होने से आवागमन बाधित हुआ है। देहरादून समेत निचले इलाकों में दिनभर वर्षा होती रही। आसपास के क्षेत्रों में ओलावृष्टि से भी फसलों को नुकसान पहुंचा है। उधर, नैनीताल की चाइना पीक पर सीजन का पहला हिमपात हुआ। पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भी हिमपात जारी रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, उत्तराखंड में आज आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। पहाड़ों में 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात हो सकता है। जबकि, आसपास के क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में हल्का कोहरा छाया रहा सकता है। इसके बाद शनिवार और रविवार को भी प्रदेश में वर्षा-बर्फबारी हो सकती है।

दून में गुरुवार को सुबह से ही मौसम बदला रहा। बादलों के डेरा डालने के बाद दोपहर में झमाझम वर्षा हुई। बाहरी क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई। जिससे तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, आज दून में आंशिक बादल मंडराने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed