Mon. May 25th, 2026

मौसम का मिजाज:दूसरे दिन भी देवास नाका से एलआईजी के बीच तेज बारिश, बाकी शहर सूखा

लगातार दूसरे दिन मंगलवार को देवास नाका से लेकर एलआईजी, सुखलिया तक आधे घंटे तक जोरदार बारिश हुई। दोपहर 12 बजे घने बादल छा गए और बरसने लगे, जबकि इसी समय शहर के बड़े इलाके में धूप खिली थी। इस वजह से एयरपोर्ट स्थित केंद्र पर बारिश रिकाॅर्ड नहीं हुई।

1.30 बजे आसमान साफ होते ही तेज धूप से उमस और बढ़ गई। विशेषज्ञों के अनुसार लोकल स्तर पर सिस्टम बनने से उतने क्षेत्र में बारिश हो रही। हालांकि 8 जुलाई से बारिश पूरे शहर को भिगो सकती है। बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम बन रहा है, जो जबलपुर के रास्ते प्रदेश में आगे बढ़ेगा। इस सिस्टम की वजह से भी यहां बादल बन रहे और कहीं-कहीं बारिश हो रही है।

पिछले साल के मुकाबले आधी बारिश

पिछले साल इस समय तक 7 इंच बारिश हो चुकी थी, लेकिन इस बार अधिकृत आंकड़ा 3 इंच पर ही अटका है। चिंता की बात यह है कि अभी झड़ी वाला सिस्टम या 2 से 4 इंच बारिश एक साथ देने वाला सिस्टम दूर तक नहीं दिख रहा। जुलाई में औसत 10 इंच बारिश होती है, लेकिन इस बार छह दिन में 1.2 मिलीमीटर ही पानी बरसा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *