Fri. Jun 12th, 2026

हिमाचल में नहीं चलेंगे यह नारे, सुनकर भड़क गए राकेश टिकैत, सोलन सेब मंडी में हुआ खूब हंगामा

किसान नेता राकेश टिकैत आज हिमाचल प्रदेश के दौरे पर हैं। हिमाचल में प्रवेश के दौरान ही किसान नेता को विरोध का सामना करना पड़ा। सोलन सेब मंडी में जब किसान नेता के समर्थन में नारेबाजी हाे रही थी तो बीच में से एक व्‍यक्ति ने कहा कि यह नारे हिमाचल में नहीं चलेंगे। इस तरह की नारेबाजी करनी है तो दिल्‍ली में रहो। जैसे ही यह आवाज राकेश टिकैत के कानों में पड़ी तो उन्होंने उस व्यक्ति को अपने पास बुलाकर कहा कि हिमाचल किसी के बाप का नहीं है, यहां नारे भी लगेंगे और आंदोलन भी करेंगे। इस पर उस व्यक्ति ने सीधे ही राकेश टिकैत को बोल दिया कि हिमाचल आपके बाप का भी नहीं है। इस पर किसान समर्थक भड़क गए। उन्होंने उस व्यक्ति को राकेश टिकैत से दूर कर दिया।

राकेश टिकैत उस व्यक्ति पर काफी भड़क गए। माहौल काफी तनावपूर्ण बन गया व किसान नेता के समर्थक उस व्‍यक्ति से धक्‍का मुक्‍की करने पर उतारू हो गए। लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस जवानों व अन्‍य लोगों ने माहौल शांत किया। राकेश टिकैत ने कहा सोलन समेत हिमाचल के अन्य किसान उनके साथ हैं, लेकिन यह जो नहीं चाहते हैं कि किसानों का भला हो वह ही ऐसी हरकतें कर रहे हैं।

इससे पहले सेब मंडी में पहुंचने पर आढ़ती एसोसिएशन ने उनका हिमाचली टोपी के साथ स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यदि हिमाचल के सेब उत्पादकों व किसानों को लूटने से बचना है तो छोटे व्यापारियों व छोटी मंडियों को समर्थन देना जरूरी है। नहीं तो अडाणी जैसे व्यापारी किसान बागवानों को टिकने नही देंगे। वह सेब बागवानों को कम दाम मिलने के मामले में किसानों से मिलेंगे। राकेश टिकैत सुबह दस बजे से पहले सोलन सेब मंडी पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed