Mon. Jul 6th, 2026

खुद जहर पीकर 8 साल के बेटे को भी पिला दिया, पिता की मौत, बेटा गंभीर

खरगोन। शहर के बिस्टान रोड स्थित भोंगानाले पास व्यक्ति ने स्वयं कीटनाशक पीकर, आठ वर्षीय बेटे को भी कीटनाशक पिला दिया। इस घटना में उसकी मौत हो गई, मासूम का इलाज इंदौर में चल रहा है। जिला अस्पताल चौकी के अनुसार मंगलवार रात करीब 8.50 बजे अकावल्या निवासी 37 वर्षीय राकेश पाटीदार और उसके आठ वर्षीय बेटे आरव को कीटनाशक पीने के बाद गंभीर अवस्था में लाया गया। जहां उपचार के दौरान 9.30 राकेश की मौत हो गई। राकेश ने जान देने से पहले अपने आठ साल के बेटे आरव पाटीदार को भी जहर पिला दिया। जिससे उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है और फिलहाल इंदौर के चोइथराम अस्पताल में भर्ती है। स्वजनों ने बताया कि राकेश ने 2019 में शिक्षक भर्ती पात्रता परीक्षा वर्ग-1 क्वालीफाय की थी। कृषि संकाय में 97.87 अंक के साथ प्रदेश की मेरिट में पांचवा स्थान हासिल किया था। हालांकि मौत को लेकर कोई पुख्ता कारण सामने नहीं आया है।

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को खरगोन से कीटनाशक खरीदने के बाद राकेश बिस्टान रोड पर भोंगानाले के पास पहुंचा था। उसके साथ बेटा भी था। जहां राकेश ने कीटनाशक पीने के बाद अपने बेटे को भी जहर दे दिया। दोनों रोड किनारे बेसुध हालत में पड़े थे। जिन्हें राहगीरों ने देखकर पुलिस को सूचना दी। टीआई प्रकाश वास्केल ने बताया कि मौका स्थल पर पायजन की खाली बोतल मिली है। सुसाइड नोट नहीं मिला। परिजनों के बयान लेना बाकी है, जिसके बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। बुधवार को ही राकेश का अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *