पत्नी ने मायके से आने से किया इनकार, युवक ने फांसी लगाकर दे दी जान
ग्वालियर। शिवनगर कुम्हरपुरा में एक युवक ने बुधवार की रात को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक मैकेनिक का काम करता था। शुरुआती जांच में पता चला है कि मृतक की पत्नी रक्षाबंधन मनाने के लिए मायके गई थी। युवक ने पत्नी को मायके से बुलाने के लिए काल किया। पत्नी ने बच्चों के साथ घर आने से इनकार कर दिया। इस बात से नाराज होकर युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। थाटीपुर थाना पुलिस ने घरवालों की सूचना पर मर्ग कायम कर लिया है।
शिवनगर निवासी अवधेश राठौर मैकेनिक का काम करता था। उसके दो बच्चे हैं। 34 वर्षीय अवधेश की पत्नी रक्षाबंधन मनाने के लिए बच्चों के साथ मायके गई थी। पति से कुछ अनबन हो जाने के कारण वह लौटने के लिए तैयार नहींं थी। बताया गया है कि बुधवार की रात को उसने पत्नी को काल लगाकर घर आने के लिए कहा था। पत्नी ने फिर घर आने से इनकार कर दिया। पत्नी के घर नहीं लौटने के तनाव में अवधेश ने रात 11 बजे घर पहुंचकर अपने कमरे में जाकर फांसी लगा ली। घरवालों की नजर पड़ी ताे युवक के गले का फांसी का फंदा काटकर उसे नीचे उतारा। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घरवालों ने युवक के फांसी लगाने की सूचना थाटीपुर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने रात में पड़ताल के बाद युवक के शव को परीक्षण के लिए डेड हाउस पहुंचा दिया था। पुलिस ने गुरुवार की सुबह अवधेश के शव का डाक्टरी परीक्षण कराने के बाद स्वजन को सौंप दिया। पुलिस युवक के आत्महत्या करने के कारण पता लगाने के लिए जांच कर रही है।
