Sun. May 10th, 2026

मध्य प्रदेश में टीकाकरण महाअभियान के चौथे चरण में सुबह 11.00 बजे तक एक लाख 58 हजार लोगों को लगा टीका

भोपाल। प्रदेश में आज पात्र लोगों को शत प्रतिशत फर्स्‍ट डोज वैक्‍सीनेशन को लेकर एक बार फिर टीकाकरण महाअभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान को लेकर लोगों में खास उत्‍साह भी नजर आ रहा है। सुबह दस बजे तक प्रदेश में 60 हजार 822 लोगों ने टीका लगवाया। वहीं 11 बजे तक 1 लाख 58 हजार 275 नागरिकों को टीका लगाया जा चुका था। इस अभियान को सफल बनाने के लिए स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के साथ-साथ प्रशासनिक अमला भी मुस्‍तैद है। मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान में भोपाल के लालघाटी क्षेत्र में स्‍थित मानस उद्यान टीकाकरण केंद्र पहुंचकर इस महाअभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्‍होंने एक बार फिर सभी से इस टीकाकरण अभियान को सफल बनान की अपील की।

भोपाल में 70 हजार लोगों को आज दूसरी डोज लगाने का लक्ष्य
उधर राजधानी भोपाल में आज टीकाकरण महाअभियान में 70 हजार लोगों को कोरोना से बचाव के टीके की दूसरी डोज लगाई जाएगी। चूंकि भोपाल में सभी को पहली डोज लग चुकी है, इसलिए दूसरी डोज लगाने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, पहली डोज के लिए आने वालों को भी टीका लगाया जाएगा। एडीएम संदीप केरकेट्टा ने बताया कि टीकाकरण के लिए भोपाल में 620 सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। नगर निगम की 170 टीमें टीकाकरण अभियान में जुटी हैं। हर टीम को 200 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए हर एसडीएम को दो हजार टीका लगाने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने बताया कि कोवैक्सीन और कोविशील्ड दोनों की वैक्सीन की पहली और दूसरी डोज लगाई जा रही है। बता दें कि भोपाल में 19 लाख 50 हजार लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य है। इनमें 9 लाख 67 हजार लोगों को ही अभी तक दोनों डोज लग पाई हैं। 31 दिसंबर तक सभी को दोनों डोज लगाने का लक्ष्य है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *