Sun. Jun 28th, 2026

जैसलमेर में पारा 15 डिग्री पर पहुंचा, जोधपुर और जयपुर में भी एक-एक डिग्री सेल्सियस तापमान नीचे आया

जयपुर प्रदेश में बीते 10 दिन में मौसम में मामूली उतार-चढ़ाव का दौर चल रहा है। जयपुर, सीकर, कोटा, जोधपुर, जैसलमेर समेत कई शहरों में आज न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज हुई। मौसम विशेषज्ञों की माने तो उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के लगातार सक्रिय बने रहने के कारण उत्तरी हवाएं नहीं चल रही हैं, जिसके कारण मैदानी इलाकों में तापमान स्थिर बना हुआ है।

मौसम विभाग से जारी रिपोर्ट को देखे तो आज रेगिस्तानी शहर जैसलमेर में 3.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 15.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जोधपुर और जयपुर में भी एक-एक डिग्री सेल्सियस तापमान नीचे आया है। दिन में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी रहती है, लेकिन सुबह और शाम होते ही लोगों को अच्छी खासी ठंड लगने लगती है।

बीते 15 दिन की स्थिति देखे तो 20 अक्टूबर के बाद से प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ने लगा था और उम्मीद थी कि इस बार दीपावली तक तेज सर्दी पड़ने लगेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 20 अक्टूबर के बाद तापमान में जिस तरह गिरावट होने के बाद सर्दी हुई थी, वह अब भी बरकरार है।

हालांकि 27 से 30 अक्टूबर के बीच जरूर थोड़ा तापमान गिरने से शेखावाटी बेल्ट में सर्दी का असर तेज हुआ था। यहां सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी में पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन वह भी धीरे-धीरे बढ़कर अब 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया।

इसलिए स्थिर बना है तापमान
मौसम वैज्ञानिकों की माने तो सर्दी नहीं बढ़ने के पीछे का कारण उत्तर भारत से हवा नहीं आना है। राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में सर्दी बढ़ने का सबसे प्रमुख कारण उत्तरी हवाएं रहती है। जैसे-जैसे उत्तर भारत से हवा मैदानी इलाकों में आती है, इन राज्यों में तापमान गिरता चला जाता है। इस बार उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो लम्बे समय से एक्टिव है।

इस विक्षोभ के कारण उत्तरी हवाएं नहीं चल रही, जबकि जम्मू कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड के कुछ इलाकों में इस विक्षोभ के कारण एक-दो बार बर्फबारी भी हो चुकी है, लेकिन हवा नहीं चलने के कारण राजस्थान समेत अन्य मैदानी राज्यों में सर्दी नहीं बढ़ रही।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में आज का तापमान

शहर अधिकतम न्यूनतम
अजमेर 31.7 14
भीलवाड़ा 31.2 10
जयपुर 30.8 14.8
अलवर 29.6 14.6
सीकर 30.8 9.6
कोटा 31.1 12.8
उदयपुर 30.5 11.4
बाड़मेर 35.1 18.4
जैसलमेर 34.0 15.6
जोधपुर 33.8 14.7
बीकानेर 33.0 15.7
चूरू 32.9 10.5
गंगानगर 32.1 14.1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed