छात्रों को रोजगार की जानकारी दी
राजकीय महाविद्यालय पावकी देवी में कराधान एवं वित्तीय मामलों में रोजगार की संभावनाएं विषय पर आयोजित करियर काउंसलिंग सेल की ओर से एक दिवसीय सेमीनार आयोजित किया गया। जिसमें छात्रों को रोजगार के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यशाला में डॉ. तनुआर बाली ने कहा कि मानविकी के छात्रों के लिये वित्तीय तथा कराधान के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार की संभावनाएं हैं, जिसमें छात्र-छात्राएं अपना करियर बना सकते है। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. छाया चतुर्वेदी ने कहा कि वैश्वीकरण के युग में लोकल फॉर वोकल रोजगार के क्षेत्र में अति महत्वपूर्ण आयाम है। चार्टर्ड अकाउंटेंट संजय सिंह ने कहा कि छात्र पैन, रजिस्ट्रेशन, जीएसटी रजिस्ट्रेशन तथा टैक्स रिटर्न फाइलिंग में करियर बना सकते हैं। उन्होंने स्थानीय उत्पादों हेतु ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन के बारे में छात्रों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी। मौके पर गुंजन जैन, डॉ. संगीता बहुगुणा, ओमवीर, डॉ. रेखा निखिल आदि मौजूद थे।
