वंचित लोगों का घर जाकर करेंगे टीकाकरण
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोविड टीकाकरण अभियान को ओर वृहद रूप दिया जाएगा। जिसमें स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर कोविड का एहतियाती टीका लगाने से वंचित लोगों का टीकाकरण करेंगे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. केएस चौहान ने बताया कि स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पंचायतीराज विभाग की ओर से आगामी 10 जून से ‘हर घर दस्तक अभियान के तहत्त कोविड टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। जिसमें कोविड टीकारण से वंचित लोगों का उनके घर पर ही टीकाकरण किया जाएगा। कहा कि यह अभियान हर ब्लॉक में संचालित होगा। जिसके लिए सभी ब्लॉक के कोविड नोडल अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. शैलेन्द्र बिजल्वाण ने बताया कि ‘हर घर दस्तक अभियान के तहत ग्राम स्तर पर कोविड टीकाकरण की पहली और दूसरी डोज से वंचित लोगों का भी कोविड टीकाकरण किया जायेगा। इसके अतिरिक्त कोविड की प्रीकॉशन डोज से छूटे हुए फील्ड लेवल वर्कर और 60 वर्ष से ऊपर के नागरिकों को कोविड की डोज लगायी जाएगी। अभियान के तहत जिले में सभी एएनएम, आशा कार्यकत्रियों के माध्यम से शिक्षा एवं पंचायतीराज विभाग के साथ ही अन्य विभागों से समन्वय स्थापित कर अभियान द्वारा कोविड टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाएगा।
