जगदीश पपनै बने कुमाऊं विवि शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के अध्यक्ष
जगदीश चंद्र पपनै को कुमाऊं विश्वविद्यालय डीएसबी कैंपस शिक्षणेतर कर्मचारी संघ का नया निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि वह विवि के शिक्षणेतर कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर काम करते रहेंगे। कुमाऊं विवि में कर्मचारियों के पदों का समायोजन एवं रिटायर्ड हो रहे कर्मचारियों के देयकों का पूरा भुगतान उसकी सेवानिवृत्ति की तिथि पर ही करवाने की मांग के लिए वह संघर्ष करेंगे। इसके अलावा कर्मचारियों के हितों की अनदेखी करने वाले हर निर्णय के खिलाफ उनकी पूरी कार्यकारिणी मुखर रहेगी।
बुधवार को शुरू हुई कर्मचारी संघ की नामांकन प्रक्रिया के तहत सभी पदों पर केवल एक-एक उम्मीदवार ने ही अपना नामांकन कराया। इस तरह सर्वसम्मति से ही कर्मचारी संघ की नई कार्यकारिणी चुन ली गई। इसकी अधिकारिक घोषणा चुनाव अधिकारी गुरुवार को करेंगे। चुनाव अधिकारी डीएस नेगी ने बताया कि उपाध्यक्ष महिला पद पर भावना राणा, दूसरे उपाध्यक्ष मनीष कुमार, सचिव पद पर जय प्रकाश मिश्रा, उप सचिव पद पर राजेंद्र कुमार व कोषाध्यक्ष पद पर हेमंत प्रसाद निर्विरोध चुन लिए गए हैं। गुरुवार को विवि सभागार में होने वाले कार्यक्रम के दौरान नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण होगा। चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने वालों में आनंद सिंह रावत, गणेश बिष्ट, राजेंद्र ढेला, गणेश राम, देव सिंह राजपूत आदि ने सहयोग किया।
