Fri. Nov 27th, 2026

संसारी में वैली ब्रिज का निर्माण शुरू

रुद्रप्रयाग: पिछले एक माह से अवरुद्ध चल रहे कुंड-ऊखीमठ-चोपता हाईवे पर संसारी में वैली ब्रिज के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। वहीं एनएच ने एक सप्ताह के भीतर पुल पर आवाजाही करने की बात कही है। पुल निर्माण होने से यात्रियों के साथ ही स्थानीय निवासियों की परेशानी दूर हो सकेगी।

बीती 12 मई को कुंड-ऊखीमठ-चोपता-गोपेश्वर हाईवे पर संसारी के पास अचानक लगभग तीन मीटर पुश्ता ढहने से रोड पूरी तरह ध्वस्त हो गई थी, जिसके बाद यहां से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई थी। एनएच ने यहां पर पुश्ते लगाने का निर्माण कार्य शुरू किया, लेकिन पुश्ते की गुणवत्ता इतनी खराब थी कि बीती 5 जून को निर्माणाधीन पुश्ता भी टूट गया, जिसके बाद 6 जून को स्थानीय व्यापारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों ने केदारनाथ हाईवे पर कुंड में चक्का जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एनएच के अधीक्षण अभियंता ने सात दिनों के भीतर वैली ब्रिज बनाने का आश्वासन दिया, तब जाकर आंदोलनकारियों ने चक्काजाम समाप्त किया था। चक्काजाम के दूसरे दिन ही संसारी में वैली ब्रिज की सामग्री पहुंचने के बाद पुल का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया है। विभाग का मानना है कि एक सप्ताह के भीतर पुल निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। पुल निर्माण होने से अब क्षेत्र के स्थानीय निवासियों के साथ ही बद्रीनाथ एवं पर्यटक स्थल चोपता जाने वाले यात्रियों को आसानी होगी।

एनएच के अधीक्षण अभियंता हरीश पांगती ने बताया कि संसारी में वैली ब्रिज पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द से जल्द निर्माण पूरा कर आवाजाही शुरू की जाएगी। वहीं पुल निर्माण के बाद स्थानीय निवासियों के साथ ही श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed