शिक्षा निदेशक को बताई शासकीय, अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों और छात्रों की समस्याएं
शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं की समस्याओं के जल्द निस्तारण की मांग को लेकर श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज सहसुपर के प्रधानाचार्य ने बुधवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशक आरके कुंवर से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
प्रधानाचार्य डा. रविंद्र सैनी ने शिक्षा निदेशक को बताया कि राज्य सरकार की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में दिए जाने वाले सर्वोच्च सम्मान शैलेश मटियानी पुरस्कार की प्रक्रिया सही समय पर पूरी नहीं हो रही है। वर्ष 2018 में इस पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों, प्रधानाचार्यों को अभी तक प्रमाण पत्र नहीं मिला है, जिससे पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों को दो वर्ष का सेवा विस्तार नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि अशासकीय विद्यालयों में छात्र संख्या एक हजार के पार है, लेकिन इन विद्यालयों को सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से संसाधन मुहैया नहीं कराए जाने के चलते शिक्षकों और छात्रों को कई परेशानियों से गुजरना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से संसाधन मुहैया नहीं कराए जाने का सबसे अधिक खामियाजा इन विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने शासकीय विद्यालयों की तर्ज पर अशासकीय विद्यालयों को भी संसाधन मुहैया कराए जाने की मांग शिक्षा निदेशक से की। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में तबादला ऐक्ट का सख्ती से पालन करने की मांग की। कहा कि लंबे समय से दुर्गम श्रेणी के विद्यालयों में जमे शिक्षकों का प्राथमिकता के आधार पर सुगम श्रेणी में तबादला होना चाहिए। इस दौरान सुरेंद्र कुमार मदान, सत्यपाल सिंह चौहान, धारा सिंह, विक्रांत सैनी आदि मौजूद रहे।
