Fri. Nov 20th, 2026

अल्मोड़ा में तेंदुए की खाल के साथ एक युवक गिरफ्तार

अल्मोड़ा। पुलिस को वन्य जीव तस्करों के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने तेंदुए की खाल और उसके अंगों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी खाल और अंगों को तराई पहुंचाकर इन्हें ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में था। गिरफ्तार आरोपी के सहयोगियों का पता लगाया जा रहा है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस और एसओजी ने बीते बुधवार को सोमेश्वर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कोसी सड़क पर दौलाघट के पास एक युवक नंद किशोर (28) निवासी फल्याटी, बागेश्वर की तलाशी ली गई। उसके बैग से तेंदुए की खाल, दांत और नाखून बरामद हुए। खाल की लंबाई 160 सेंटीमीटर व चौड़ाई 58 सेंटीमीटर आंकी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के तहत कार्रवाई की। एसएसपी रचिता जुयाल ने इस कामयाबी में शामिल थानाध्यक्ष सोमेश्वर, एसओजी प्रभारी सुनील धानिक, प्रभारी एएनटीएफ सौरभ भारती, कांस्टेबल पवन थ्वाल, गोपाल गिरी, सूरज सिंह और राकेश भट्ट को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि तेंदुए को मारकर उसकी खाल निकालकर इसे यहां तक पहुंचाना अकेले युवक का काम नहीं हो सकता। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इस पूरे गिरोह का पता लगाने में जुटी है। बता दें कि अल्मोड़ा में चार साल पूर्व भी तेंदुए की खाल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। लंबे समय बाद फिर से यहां पुलिस को वन्य जीव तस्कर को गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली है।
मांस में जहर मिलाकर उतारा तेंदुए को मौत के घाट
अल्मोड़ा। गिरफ्तार हुए नंद किशोर ने पूछताछ में बताया कि उसके गृह क्षेत्र में तेंदुए काफी अधिक संख्या में पाए जाते हैं। आए दिन वे भोजन के लिए मवेशियों को मारते हैं। जंगल में तेंदुए के हमले में मृत जानवर के मांस में उसने जहर मिला दिया था जिससे तेंदुए की मौत हो गई। तब उसने उसकी खाल, दांत और नाखून उतार लिए जिसे वह तराई बेचने ले जा रहा था लेकिन बागेश्वर से अल्मोड़ा पहुंचते ही पकड़ा गया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *