समय से शिकायतों का समाधान नहीं करने पर चार विभागों का स्पष्टीकरण तलब
नेशनल इनफोरमेशन सेंटर में हुई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 की बैठक में डीएम डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों में दर्ज शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। डीएम ने सीएम हेल्पलाइन में आई शिकायतों का समय से समाधान नहीं होने पर चार विभागों सीईओ, ऊर्जा निगम, नगर निगम कोटद्वार व जल निगम के अधिकारियों का स्पष्टीकरण तलब किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अगले तीन दिनों में विशेष फोकस कर समस्याओं के समाधान करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि अधिकांश शिकायतों का अपने स्तर पर ही समाधान करें। कोशिश करें की शिकायतें अनावश्यक रूप से संबंधित पोर्टल पर दर्ज न हों। अधिकारियों से कहा कि जिन लोगों की शिकायतों का निस्तारण किया जाता है उन्हें इसकी जानकारी भी दें। उन्होंने सबसे ज्यादा शिकायत वाले विभाग पेयजल निगम, जल संस्थान, पंचायतीराज, प्राथमिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, लोनिवि, राजस्व, समाज कल्याण व वन विभाग को तत्काल समस्याओं के निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिदिन समस्याओं का निस्तारण कर उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने भी निर्देश दिए। बैठक में अधीक्षण अभियंता लोनिवि पीएस बृजवाल, सीओ श्याम दत्त नौटियाल, सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार, अधिशासी अभियंता डीके नौटियाल, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली, जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री आदि मौजूद रहे
