हल्द्वानी एकेडमी, जीएनजी, कोल्ट्स और हल्द्वानी क्रिकेटर्स ने जीते मैच
हल्द्वानी। जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित अंडर-16 जिला लीग में सोमवार को चार मुकाबले खेले गए।
चकलुवा के कॉर्बेट मैदान में हल्द्वानी एकेडमी ने 38 ओवर में सभी विकेट खोकर 132 रन बनाए। टीम के लिये अर्नव पंत ने 33 और प्रांजल चुफाल ने 25 रन बनाए। जवाब में रामनगर स्पोर्ट्स एकेडमी 31 ओवर में 128 रन पर सिमट गई। टीम के लिए रोहन बिष्ट ने 33 और निशाग्र ने 36 रन बनाए।
दूसरा मैच जीएनजी मैदान कमलुवागांजा में हुआ। रामनगर कोल्ट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुऐ 26 ओवर में सभी विकेट खोकर 68 रन बनाए। रामनगर के ध्रुव रावत ने 23 रन बनाए। जीएनजी के सार्थक ने 5 विकेट लिए। जीएनजी की टीम ने 10 विकेट शेष रहते मैच जीत लिया। देवांश कांडपाल ने 31 और पार्थ मठपाल ने 20 रन बनाए।
जीएनजी मैदान में हुए तीसरे मैच में हल्द्वानी कोल्ट्स ने 50 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 368 रन बनाए। प्रांजल सिंह रैक्वाल ने 130 रन बनाए। वेंडी क्रिकेट एकेडमी 32 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। हल्द्वानी कोल्ट्स के देव आनंद जोशी और अनुज नयाल ने 3-3 विकेट लिए।
लीग का चौथा मैच एमएस मैदान गौलापार में हुआ। हल्द्वानी क्रिकेटर्स ने 42 ओवर में 149 रन बनाए। भावेश गोस्वामी ने 53 रन बनाए। हल्द्वानी फाउंडेशन की पूरी टीम 37 ओवर में 123 रन पर सिमट गई। टीम के लिए अनिरुद्ध तिवारी ने 41 रन बनाए। अंपायर विजय आर्या, नवल, अंकित, विवेक तिवारी, अमित बिष्ट, वंश जोशी और नवल थे। स्कोरर नीरज पनेरू, हैप्पी और निखिल रहे
