Sat. Aug 15th, 2026

कुलसचिव का प्रभार डाॅ. रावरेकर और बीएसपीसी का डाॅ. संजय को

पंतनगर। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति की संस्तुति पर कुलसचिव पद का अतिरिक्त प्रभार अधिष्ठाता स्नातकोत्तर डाॅ. केपी रावरेकर और प्रजनक बीज उत्पादन केंद्र (बीएसपीसी) के संयुक्त निदेशक पद का अतिरिक्त प्रभार डाॅ. संजय कुमार को सौंपा गया है। इस आशय के आदेश पर सक्षम अधिकारी के हस्ताक्षर हो चुके हें, लेकिन उन्हें अभी संबंधित अधिकारियों को हस्तांतरित नहीं किया गया है।
कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग के सचिव दीपेंद्र कुमार चौधरी ने मंगलवार को शासनादेश जारी कर जीबी पंत कृषि विवि और भरसार विवि में आईसीएआर की परियोजनाओं और केवीके आदि में कार्यरत कर्मियों और शिक्षकों को कक्षागत शिक्षक नहीं मानते हुए 65 वर्ष पर सेवानिवृत्ति की अधिवर्षता आयु और सत्रांत लाभ नहीं देने के आदेश दिए थे। इसमें कहा गया था कि ऐसे कार्मिक जिन पर ऑडिट ने आपत्तियां दर्ज की हैं और वह सेवानिवृत्त हो चुके हैं, उन्हें 60 वर्ष की अधिवर्षता आयु के आधार पर अग्रिम आदेशों तक अंतरिम पेंशन दी जाएगी। परियोजना कर्मी शिक्षक की परिभाषा से आच्छादित नहीं होते हैं और परियोजनाओं के पदों की स्वीकृति परियोजना के बने रहने तक के लिए प्रदान की जाती है। ऐसे कार्मिकों की अधिवर्षता आयु 65 वर्ष निर्धारित किया जाना नियम संगत नहीं है। ऐसे कार्मिक जो उपरोक्त शिक्षक की परिभाषा से परिभाषित नहीं होते है और उनकी अधिवर्षता आयु 60 वर्ष से अधिक हो गई हो, उन्हें तत्काल सेवानिवृत्त कर दिया जाए। इसी आदेश के तहत परियोजनाओं में नियुक्त और 60 वर्ष की अधिवर्षता आयु पूरी कर चुके वर्तमान में कुलसचिव डाॅ. दीपा विनय और बीएसपीसी के संयुक्त निदेशक से उनका कार्यभार लेकर क्रमशः डाॅ. रावरेकर और डाॅ. संजय कुमार को सौंपा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed