स्वास्थ्य कर्मियों को दिया यू-विन पोर्टल का प्रशिक्षण
पौड़ी। यूनिवर्सल टीकाकरण कार्यक्रम को डिजिटल बनाने की कवायद शुरू हो गई। इसके तहत बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय में स्वास्थ्य कर्मियों को यू-विन पोर्टल का प्रशिक्षण दिया गया। आगामी अगस्त माह से यू-विन प्लेटफार्म के माध्यम से गर्भवती महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण, पंजीकरण, टीके से संबंधित जानकारी आसानी से मिल जाएगी। साथ ही टीकाकरण की तारीख पास आने पर मोबाइल पर मैसेज भी आएगा। जिला स्तरीय कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर यूएनडीपी के प्रोजेक्ट ऑफिसर गढ़वाल योगेश रावत ने बताया कि यूनिवर्सल टीकाकरण कार्यक्रम को डिजिटल बनाने के लिए को-विन की तर्ज पर यू-विन प्लेटफार्म बनाया गया है। यू-विन पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, प्रसव का रिकॉर्ड, टीकाकरण, नवजात के पंजीकरण की सुविधा होगी। इस पोर्टल के माध्यम से लोग अपने आस-पास के टीकाकरण केंद्रों की खोज कर सकेंगे। टीका लगाने के लिए समय बुक करा सकते हैं। संपूर्ण टीकाकरण के बाद लाभार्थी को तत्काल डिजिटल प्रमाणपत्र भी प्राप्त होगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर ने कहा कि इस एप के जरिए एसएमएस से भी लाभार्थी को अगले टीके की जानकारी मिल सकेगी। कार्यशाला में जिला सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी सुशील कुमार, प्रीति रतूड़ी, कोल्ड चेन मैनेजर शशिकांत तिवारी फील्ड सुपरवाइजर नरेंद्र रावत,एएनएम आदि मौजूद रहे।
