Sat. May 30th, 2026

राजस्थान में 14 अक्टूबर के बाद हो सकती है बारिश:दो जिलों में नए सिस्टम का दिख सकता है असर, फिर बढ़ने लगेगी सर्दी

जयपुर राजस्थान में 4 दिन बाद बारिश होने की संभावना है। दरअसल, उत्तर भारत में 14 अक्टूबर से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है। इसका असर राजस्थान के उत्तरी हिस्सों में देखने को मिल सकता है। गंगानगर, हनुमानगढ़ एरिया में इस सिस्टम से बरसात हो सकती है। इस सिस्टम के उत्तर भारत से हटने के बाद राज्य में सर्दी भी बढ़ सकती है।

वर्तमान में उत्तर भारत में जो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है। उसके असर से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के इलाकों में देर रात बारिश हुई। आज से ये सिस्टम आगे बढ़ जाएगा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो 12-13 अक्टूबर को उत्तर भारत में एक नया डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जो ज्यादा प्रभावशाली होगा। इसका असर उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा के साथ उत्तराखंड, पूर्वी उत्तरप्रदेश, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्से में देखने को मिल सकता है

राजस्थान में इस सिस्टम का असर 14 अक्टूबर की शाम या 15 अक्टूबर से देखने को मिल सकता है। तब तक राज्य में मौसम साफ रहेगा। दिन-रात के तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस तक का अंतर रहेगा। कल राज्य के अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। कल सबसे ज्यादा तापमान जोधपुर के फलौदी में 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पूर्वी राजस्थान के कोटा में 37.9, जयपुर में 36.6 और उदयपुर में 33.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।

सिरोही सबसे ठंडा
दिन में गर्मी के बाद रात में शहरों में ठंडक बढ़ रही है। तापमान गिरकर 24 से लेकर 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। बीती रात सबसे ठंडी रात सिरोही जिले में रही, जहां न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। उदयपुर में कल रात का तापमान 18.9, भीलवाड़ा में 18.5 और हनुमानगढ़ में 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

इधर, मौसम बदलने के साथ ही अब रबी की बुवाई शुरू हो गई। उत्तरी राजस्थान के जिलों में किसानों ने सरसों, गेंहू की फसलों बुवाई शुरू कर दी है। उम्मीद है कि 14-15 अक्टूबर को जाे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आएगा उसके असर से उत्तरी राजस्थान के जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इसका फायदा किसानों को मिल सकता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed