Mon. Nov 23rd, 2026

मेडिकल कॉलेज में ब्लड बैंक संचालन के निर्देश

अल्मोड़ा। चिकित्सा शिक्षा निदेशक प्रो. आशुतोष सयाना ने बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में ब्लड बैंक सहित सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ब्लड बैंक का संचालन शुरू न होना गंभीर मामला है। व्यवस्था में जल्द सुधार होना चाहिए। मेडिकल कॉलेज पहुंचे प्रो. आशुतोष ने कहा कि ब्लड बैंक का संचालन न होने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खून के लिए मरीजों का जिला अस्पताल पर निर्भर रहना गलत है। कई बार जिला अस्पताल में ब्लड न होने पर मरीजों को हल्द्वानी तक जाना पड़ रहा है। इससे मरीज और तीमारदार परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि फैकल्टी की कमी के कारण ब्लड बैंक का संचालन नहीं हो रहा है तो इसके लिए संविदा पर फैकल्टी की तैनाती होगी। उन्होंने इसके लिए कॉलेज प्रबंधन से जल्द साक्षात्कार करवाने के लिए कहा। इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज में चल रहे निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लेकर एसटीपी, वाटर स्टोरेज टैंक बनाने के निर्देश दिए। इस मौके पर प्राचार्य प्रो. सीपी भैंसोड़ा, डॉ. अनिल पांडे सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *