किसके सिर पर सजेगा राजस्थान का ताज, आज होगा फैसला, इन नामों पर अटकलें तेज
राजस्थान में नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर बना सस्पेंस आज खत्म हो सकता है। राजस्थान विधानसभा चुनाव के बाद सरकार गठन को लेकर अब गतिविधियां तेज हो गई हैं। विधायक दल की बैठक मंगलवार को शाम चार बजे होगी। दोपहर एक बजे भोजन के बाद शाम चार बजे बैठक होगी। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, विनोद तावड़े और सरोज पांडे पर्यवेक्षक के रूप में बैठक में मौजूद रहेंगे। बैठक में सीएम के नाम का औपचारिक एलान हो सकता है। पार्टी ने सोमवार को सभी विधायकों को जयपुर पहुंचने के लिए कहा है।उधर, सोमवार को कई विधायकों ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे से मुलाकात की थी। छत्तीसगढ़ में आदिवासी, मध्यप्रदेश में ओबीसी वर्ग का सीएम बनने के बाद अब राजस्थान में सामान्य वर्ग का सीएम बनाए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। वहीं, राज्य में वसुंधरा राजे के साथ बालकनाथ योगी, गजेंद्र सिंह शेखावत, दीया कुमारी, अश्विनी वैष्णव के नाम सीएम पद की रेस में हैं।
