सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू
नमामि गंगे योजना में अर्द्धनगरीय सीवरेज योजना के तहत सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण के लिए तहसील प्रशासन, वन विभाग और पेयजल निगम के अधिकारियों की टीम ने भूमि का निरीक्षण किया। टीम ने खदरी खड़कमाफ के लक्कड़ घाट के समीप गंगा तटीय क्षेत्र में एक हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण कार्य शुरू कर दिया गया। बृहस्पतिवार को तहसीलदार चमन सिंह ने भूमि का निरीक्षण किया। सामाजिक प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. पीसी जोशी ने कहा कि पर्यावरण विषयों के अध्ययन के बाद ही सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कराया जाएगा। प्लांट तक पहुंचने के लिए एक रोड का भी निर्माण किया जाएगा। इस दौरान लेखपाल शोभा राम जोशी, जर्मन कंपनी जीके डब्ल्यू प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट टीम लीडर केन कोवा, रेजिडेंट इंजीनियर अखिलेश्वर प्रसाद, धर्मेंद्र प्रसाद कुकरेती, आशीष चमोली, चंद्रशेखर भट्ट, स्वयंबर दत्त कंडवाल, दीवान सिंह आदि उपस्थित रहे। वहीं, जिला गंगा सुरक्षा समिति के नामित सदस्य विनोद जुगलान ने कहा कि एसटीपी निर्माण से पहले पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा जाए। भूमि अधिग्रहण करते समय किसी भी पेड़ को क्षति न पहुंचाई जाए।
