Fri. May 17th, 2024

विशेष प्लेन से अयोध्या जाएंगे मोहन कैबिनेट के मंत्री 4 मार्च को कैबिनेट बैठक के बाद होंगे रवाना, कर्मचारियों को 4 प्रतिशत डीए देने का होगा फैसला

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 4 मार्च सोमवार को पूरी कैबिनेट के साथ अयोध्या जाएंगे और वहां भगवान राम के बालक रूप के दर्शन करेंगे। इसके पहले मंत्रालय में कैबिनेट बैठक में कर्मचारियों को चार प्रतिशत डीए दिए जाने पर निर्णय लिया जाएगा। इस बैठक में लोकसभा चुनाव की आचार संहिता से पहले लिए जाने वाले अन्य जनोपयोगी बिंदुओं पर फैसला लिया जाना है। इसको लेकर विभागों से एजेंडा तैयार कराए जा रहे हैं।

अयोध्या में भगवान राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को पीएम नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुई थी। इसके बाद सीएम डॉ यादव ने कहा था कि मार्च में वे पूरी कैबिनेट के साथ भगवान राम के दर्शन करने के लिए जाएंगे। इसी तारतम्य में सोमवार 4 मार्च को विशेष प्लेन सीएम यादव पूरी कैबिनेट के साथ सुबह 11 बजे अयोध्या के लिए रवाना होंगे। इसी दिन भगवान के दर्शन के बाद यादव कैबिनेट के सहयोगियों के साथ शाम 4 बजे भोपाल वापस लौटेंगे। बताया जाता है कि अयोध्या जाने से पहले सीएम यादव सुबह 10 बजे से मंत्रियों के साथ कैबिनेट बैठक करेंगे। इस बैठक में कर्मचारियों को 9 माह से पेंडिंग 4 प्रतिशत डीए को मंजूरी दी जाएगी। इससे प्रदेश के साढ़े सात लाख कर्मचारियों-अधिकारियों और 5 लाख पेंशनर्स को लाभ मिलेगा।

चुनाव के दौरान पूर्व सीएम ने भेजा प्रस्ताव, तब से पेंडिंग है डीए

केंद्र सरकार द्वारा जुलाई 2023 से 4 प्रतिशत डीए देने का आदेश जारी किए जाने के बाद प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू रहने के दौरान पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने चुनाव आयोग से डीए देने की परमिशन मांगी थी। मतदान के पहले मांगी गई इस परमिशन पर तब आयोग ने यह कहकर रोक लगाई थी कि मतदान तक इसे स्थगित रखा जाए। इसके बाद न तो शिवराज सरकार और न ही मोहन यादव सरकार ने इसको लेकर कवायद की और डीए पेंडिंग बना रहा। अब जबकि लोकसभा चुनाव होने हैं, तो सरकार कर्मचारियों को साधने के लिए डीए देने की तैयारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *