Thu. May 16th, 2024

मालदीव में पर्यटक घटे, भारत में कराएगा रोड शो 2023 की तुलना में 3 महीने में 34% टूरिस्ट कम हुए, PM मोदी पर टिप्पणी का असर

भारत और मुइज्जू सरकार में विवाद जारी है। इस बीच मालदीव भारतीय पर्यटकों को लुभाने के लिए भारत के कई शहरों में रोड शो कराएगा। हालांकि, रोड शो किन शहरों में और कब कराए जाएंगे, इसकी जानकारी नहीं दी गई।

मालदीव एसोसिएशन ऑफ टूर एंड ट्रैवल ऑपरेटर्स (MATATO) ने गुरुवार रात भारत के हाई कमिश्नर मुनु महावर से दोनों देशों के बीच यात्रा और पर्यटन सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।

दरअसल, जनवरी 2024 के बाद से मालदीव जाने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या बहुत कम हुई है। इसकी वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हुई आपत्तिजनक टिप्पणी है।

मालदीव की टूरिज्म मिनिस्ट्री के मुताबिक, जनवरी-मार्च 2023 में 56 हजार से ज्यादा भारतीय टूरिस्ट मालदीव पहुंचे थे। वहीं, जनवरी से 10 अप्रैल 2024 तक सिर्फ 37 हजार भारतीय मालदीव गए। आंकड़ों में 34% गिरावट देखी गई।

2023 में सबसे ज्यादा 2 लाख से ज्यादा भारतीय पर्यटक मालदीव गए थे। वहीं, इस साल भारत 6वें नंबर पर आ गया है। मालदीव की टूरिज्म मिनिस्ट्री ने पर्यटकों का डेटा जारी किया है। इसके मुताबिक मालदीव 10 अप्रैल तक 6,63,269 टूरिस्ट आए। इनमें भारतीयों की संख्या 37,417 है। सबसे ज्यादा चीन के 71,995 लोग हैं।

भारत के साथ सहयोग करना चाहता है मालदीव
MATATO और भारतीय हाई कमिश्नर की बैठक के बाद जारी हुए बयान में कहा गया, “भारतीय पर्यटकों को मालदीव भेजने के लिए प्रमुख भारतीय शहरों में व्यापक रोड शो शुरू करने और आगामी महीनों में इंफ्लुएंसर्स को मालदीव भेजने से जुड़ी योजना पर काम चल रहा है।”

बयान में आगे कहा गया, “भारत मालदीव के लिए एक महत्वपूर्ण टूरिस्ट मार्केट बना हुआ है। MATATO का कहना है कि वे मालदीव को एक प्रमुख ट्रैवल डेस्टिनेशन के रूप में बढ़ावा देने के लिए भारत के प्रमुख ट्रैवल एसोसिएशन और इस इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के साथ साझेदारी करने के लिए तत्पर है।”भारत और मुइज्जू सरकार में जारी विवाद के बीच मालदीव में चीनी पर्यटकों की संख्या भारतीयों से ज्यादा हो गई है। मालदीव की टूरिज्म मिनिस्ट्री ने पर्यटकों का डेटा जारी किया। इसके मुताबिक मालदीव में 4 फरवरी तक आए पर्यटकों में सबसे ज्यादा चीन के 23,972 लोग रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *