Sun. May 10th, 2026

लखनऊ के लिए आई राहत की खबर, मुंबई के खिलाफ मैच से पहले फिट हुआ यह स्टार तेज गेंदबाज

लखनऊ सुपरजाएंट्स के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने कहा कि टीम के स्टार तेज गेंदबाज मयंक यादव फिट हो गए हैं और वह मुंबई इंडियंस के खिलाफ लखनऊ के अगले मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। मुंबई और लखनऊ के बीच मंगलवार को लखनऊ के अटल विहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। मयंक ने आईपीएल में अपने करियर की शुरुआत शानदार तरीके से की थी और वह अपने पहले दो मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे।  मयंक ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ मैच में इस सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकी थी। उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा। दरअसल, पंजाब के खिलाफ मैच में मयंक ने 155.8 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंकी थी। वहीं, बेंगलुरु के खिलाफ उन्होंने 156.7 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंक कर अपने ही रिकॉर्ड में सुधार किया था। यह इस सीजन अब तक की सबसे तेज गेंद है। वह उमरान मलिक के बाद 156 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंद फेंकने वाले भारत के दूसरे गेंदबाज हैं। वहीं, ओवरऑल इस लीग में वह ऐसा करने वाले पांचवें गेंदबाज थे।  मयंक गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच के दौरान चोटिल हो गए थे और सिर्फ एक ओवर डालने के बाद मैदान से बाहर चले गए थे। इस मैच के बाद से मयंक अब तक मैदान से बाहर हैं। बताया जा रहा है कि मयंक पेट की समस्या से जूझ रहे थे। हालांकि मुंबई के खिलाफ मैच से पहले मोर्कल ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि मयंक ने सभी फिटनेस टेस्ट पास कर लिए हैं। मोर्कल ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, मयंक यादव फिट हैं और उन्होंने सभी फिटनेस टेस्ट पास कर लिए हैं। हम उनकी टीम में वापसी से उत्साहित हैं और वह 12 खिलाड़ियों में जगह बनाने के दावेदार हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से पहले लखनऊ के सहायक कोच एस श्रीराम ने भी कहा कि मयंक टीम में वापसी करने के करीब हैं क्योंकि उन्होंने नेट्स पर अभ्यास किया है। श्रीराम ने कहा, मयंक ने नेट्स पर गेंदबाजी की है इसलिए हम देखेंगे कि वह किस तरह अभ्यास कर रहे हैं। मयंक टीम में वापसी के करीब हैं और हमें भी इसकी पूरी उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *