Sat. Jul 25th, 2026

दिव्यांग खेल प्रतियोगिताओं के लिए हो बजट का प्रावधान

रुद्रपुर। अर्जुन अवाॅर्डी मनोज सरकार की अगुवाई में दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रतिनिधिमंडल ने विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा से मुलाकात की। उन्होंने प्रदेश में दिव्यांग खेल प्रतियोगिताओं के लिए बजट का प्रावधान रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान खेल नीति में दिव्यांग खिलाड़ियों का नगद पुरस्कार के अलावा कहीं किसी प्रकार का कोई विवरण नहीं है। इससे राज्य के दिव्यांग खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार से रोजगार के अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। दिव्यांगों के लिए खेल महाकुंभ के अलावा भी खेल प्रतियोगिता कराने के बजट का प्रावधान कराया जाए। कहा कि राज्य में लगभग 300 दिव्यांग खिलाड़ी हैं। व्यवस्थाओं के अभाव में कई खिलाड़ी दूसरे राज्यों में पलायन कर वहां से खेल रहे हैं या वहां पर जाकर अभ्यास कर रहे हैं। राज्य में कोई दिव्यांग प्रशिक्षक उपलब्ध नहीं है और ना ही राज्य में किसी प्रकार का कोई प्रशिक्षण केंद्र संचालित है। मुख्यमंत्री उदयीमान खिलाड़ी योजना में दिव्यांग खिलाड़ियों को चयनित कर उसका लाभ प्रदान किया जाए। महाराणा प्रताप कॉलेज में एथलेटिक्स की एक्सीलेंसी है। इसी तरह से रुद्रपुर स्टेडियम में एक्सीलेंसी का निर्माण करवाया जाए। उन्होंने दिव्यांग खिलाड़ियों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने की मांग की। विशेष प्रमुख सचिव खेल ने मांगों पर उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। वहां पर अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी शरद जोशी, सत्यप्रकाश आदि मौजूद रहे। संवाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *