Sat. Apr 18th, 2026

एक तो चोरी, ऊपर से सीनाज़ोरी! बिजली चोरी पकड़ने वाली टीम पर लाठी-डंडों से हमला

पन्ना। विद्युत कंपनी की टीम द्वारा बिजली चोरी पकड़ने से कुछ चोर इतना बौखला गए कि सरेआम सीनाज़ोरी करते हुए कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित कर्मचारी मारपीट की घटना का वीडियो न बना पाएं इसलिए बिजली चोरों ने हमले के पूर्व गाली-गलौंज करते हुए उनके मोबाइल फोन जबरन छुड़ा लिए थे। विद्युत विभाग की टीम पर हमले की यह घटना मध्य प्रदेश के पन्ना की है। सहायक अभियंता राहुल बिरला की रिपोर्ट पर कोतवाली थाना पन्ना पुलिस ने तीन हमलावरों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया है। घटना के बाद से ही फरार आरोपियों की पुलिस के द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है। इधर, बिजली चोरों की गुंडागर्दी को लेकर विद्युत कंपनी अमले समेत स्थानीय नागरिकों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। सोशल मीडिया पर कई लोग हमलावरों के कृत्य की निंदा करते हुए उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *