VVIP हवाई पट्टी में घुसी कार, ताला तोड़कर रील बनाई, रनवे पर पहुंचे युवक-युवतियां
छिंदवाड़ा शहर की इमलीखेड़ा स्थित हवाई पट्टी पर रविवार शाम सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई। कुछ युवक-युवतियों ने ताला तोड़कर कार के साथ रनवे में प्रवेश किया और तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाते हुए रील शूटिंग की। इस हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें तीन युवतियां और चार युवक नजर आ रहे हैं।यह वही हवाई पट्टी है, जहां मुख्यमंत्री, राज्यपाल सहित कई VVIP लोग आते-जाते हैं। इस घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो पड़ोस में रहने वाले एक जागरूक नागरिक ने बनाकर पुलिस को भेजा। पुलिस ने फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक PWD या किसी जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं हुई है।इमलीखेड़ा हवाई पट्टी पर जो हुआ, वो सिर्फ एक छोटी सी रील शूटिंग नहीं, बल्कि एक गंभीर सुरक्षा उल्लंघन है। यह वही स्थान है जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, उद्योगपति, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी आते हैं। PWD के अधीन इस हवाई पट्टी को 10 साल के लिए एक निजी कंपनी को लीज पर दिया गया है, लेकिन न तो कंपनी ने चार्ज लिया है और न ही विभाग ने सुरक्षा की वैकल्पिक व्यवस्था की। रात में न गार्ड, न कैमरा और न कोई बैरिकेडिंग।
