Wed. Jun 17th, 2026

साथ में सोने से मना किया तो पति ने पत्नी के सिर में कुल्हाड़ी मारकर कर दी हत्या

खंडवा। पत्नी ने कहना नहीं माना तो पति ने उसके सिर में कुल्हाड़ी के दो बार वार कर उसकी हत्या कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित पति को हिरासत में ले लिया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। मर्ग कायम कर पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया

मामला सोमवार रात करीब 10.30 बजे पंधाना थाना क्षेत्र के ग्राम कुदालदा का है। स्वजन के अनुसार मालतीबाई पति धर्मेंद्र बारे निवासी कुदाल्दा अपने मायके में थी। दो दिन पहले ही गांव में गमी होने के चलते ससुराल आई थी। रात में वह सो रही थी, इस दौरान धर्मेंद्र ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल भिजवाया गया। जहां उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद पति धर्मेंद्र घर में ही मौजूद रहा। पुलिस ने मौके से खून से सनी कुल्हाड़ी भी जब्त की। पंधाना थाना प्रभारी दिलीप देवड़ा ने बताया कि जानकारी मिलने पर टीम गांव में गई। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी सहित आरोपित पति को अभिरक्षा में लिया है, अपराध दर्ज कर इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मालती को पति धर्मेंद्र को किसी बात के लिए राजी होने का बोला तो उसने मना कर दिया। जिससे आक्रोशित होकर धर्मेंद्र ने यह वारदात कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed