पटना में भीषण सड़क हादसा, गंगा स्नान जा रहे 8 लोगों की मौत, कई घायल
पटना। बिहार में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। शनिवार सुबह शाहजहांपुर के दनियावां-हिलसा स्टेट हाईवे-4 पर सिगरियावा स्टेशन के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 से 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में 5 महिलाएं शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए तत्काल पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
नालंदा के हिलसा के थे मृतक
दनियावां थाना अध्यक्ष ने हादसे में 8 मौतों की पुष्टि की। सभी मृतक नालंदा जिले के हिलसा प्रखंड के मलावा गांव के रहने वाले थे। हादसे के समय ऑटो में सवार लोग गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे यह घटना घटी। ट्रक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही दर्दनाक मंजर बन गया।
