10 लोगों की मौत का मंजर देख कांप उठी लोगों की रूह, बचाओ-बचाओ’ की चीखें और सड़क पर बिखरी मिली लाशें
पटना। शनिवार सुबह बिहार के पटना जिले के शाहजहांपुर स्थित दनियावां हिलसा स्टेट हाईवे-4 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ट्रक और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में 10 लोगों की जान चली गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सिगरियावा स्टेशन के पास हुआ, जब सभी मृतक और घायलों का ग्रुप गंगा स्नान के लिए जा रहा था।
घटना के मुताबिक, ऑटो और ट्रक के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सात लोग मौके पर ही मौत के घाट उतर गए, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ा। मृतकों में 8 महिलाएं, एक पुरुष और ऑटो ड्राइवर चंदन कुमार (30) शामिल हैं। घटना के समय ऑटो में सवार लोग नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के मलावा गांव के निवासी थे। ये सभी महिलाएं तीज पर्व के मौके पर गंगा स्नान के लिए फतुहा के त्रिवेणी जा रहे थे।
