Thu. Aug 20th, 2026

अमेरिका के लिए इंडिया पोस्ट ने बंद की सभी डाक सेवाएं

अमेरिका के नए कस्टम नियमों की अस्पष्टता के कारण इंडिया पोस्ट ने अमेरिका जाने वाली सभी डाक सेवाओं की बुकिंग अस्थायी रूप से बंद कर दी है। डाक विभाग ने रविवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि अब न तो पत्र, न दस्तावेज और न ही गिफ्ट आइटम अमेरिका भेजे जा सकेंगे।इससे पहले, इंडिया पोस्ट ने केवल 100 अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य के गिफ्ट आइटम की बुकिंग पर रोक लगाई थी। लेकिन अब स्थिति और गंभीर हो गई है क्योंकि अमेरिका के कस्टम विभाग की नई प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट नियम अभी तय नहीं हुए हैं। इसी कारण एयरलाइंस भी अमेरिका के लिए पार्सल ले जाने को तैयार नहीं हैं।

जारी नोटिस की समीक्षा के बाद फैसला
इंडिया पोस्ट ने अपने बयान में कहा है कि 22 अगस्त को जारी नोटिस की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया गया है। चूंकि अमेरिका जाने वाली डाक के परिवहन में लगातार समस्या आ रही है और नियम स्पष्ट नहीं हैं, इसलिए फिलहाल सभी श्रेणियों की डाक सेवा पूरी तरह से रोक दी गई है।

बुक हो चुके सामान का क्या?
डाक विभाग ने ग्राहकों को आश्वस्त किया है कि जिनका सामान बुक हो चुका है लेकिन भेजा नहीं जा सका है, उन्हें पूरा पैसा वापस किया जाएगा। विभाग का कहना है कि वह स्थिति पर नज़र बनाए हुए है और जैसे ही समस्या का हल निकलता है, सेवा फिर से शुरू कर दी जाएगी।

ट्रंप प्रशासन के एक फैसले से बिगड़ा खेल
गौरतलब है कि 30 जुलाई को ट्रंप प्रशासन ने एक कार्यकारी आदेश जारी किया था, जिसके तहत 29 अगस्त से 100 डॉलर से अधिक मूल्य के सामान पर अमेरिका में कस्टम ड्यूटी अनिवार्य कर दी गई। इसके साथ ही यह जिम्मेदारी कैरियर्स और क्वालिफाइड पार्टीज को दी गई कि वे ही ड्यूटी वसूलकर अमेरिकी कस्टम विभाग को जमा करें।

हालांकि, 15 अगस्त को अमेरिकी कस्टम एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन ने इस पर कुछ दिशा-निर्देश जारी किए थे। लेकिन इसमें कई अहम प्रक्रियाओं जैसे क्वालिफाइड पार्टीज की नियुक्ति और ड्यूटी वसूली की तकनीकी व्यवस्था स्पष्ट नहीं की गई थी। यही वजह रही कि एयरलाइंस ने 25 अगस्त से पार्सल ले जाने से मना कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed