एक बार फिर आईसीसी रैंकिंग्स में भारत का जलवा, चारों कैटेगरी में टॉप पर बरकरार
आईसीसी ने अपनी वीकली रैंकिंग जारी कर दी है। एक बार फिर भारतीय टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंडर कैटेगरी में टॉप करने के बाद टीम कैटेगरी में भी टॉप पर रही है। यह लगातार दूसरा हफ्ता है जब भारत ने चारों कैटेगरी में टॉप पर स्थान हासिल किया है। इस समय भारतीय टीम एशिया कप 2025 खेल रही है। अभिषेक शर्मा के शानदार प्रदर्शन के चलते बल्लेबाजी में अभिषेक ने पहला स्थान बनाए रखा है, जबकि ऑलराउंडर में हार्दिक पांड्या पहले स्थान पर मौजूद हैं।
एक बार फिर गेंदबाजी में वरुण शेखर चक्रवर्ती टॉप पर बने हुए हैं। भारत T20 टीम रैंकिंग में नंबर वन टीम बनी हुई है। यानी भारत ने हर कैटेगरी में अपना दबदबा कायम रखा है। इससे पिछले हफ्ते भी भारत के खिलाड़ी और टीम टॉप पर रहे थे।
इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है
जानकारी दें कि इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब कोई टीम टीम रैंकिंग में टॉप पर रही हो और इस टीम के खिलाड़ी तीनों कैटेगरी में टॉप पर बने हुए हों। भारत ने न सिर्फ यह इतिहास बनाया है बल्कि इसे लगातार दो हफ्तों तक कायम भी रखा है। इस समय अभिषेक शर्मा बल्लेबाजी में 907 रेटिंग पॉइंट्स के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि दूसरे स्थान पर इंग्लैंड के फिल साल्ट 844 रेटिंग पॉइंट्स के साथ हैं। तीसरे स्थान पर भारत के तिलक वर्मा 791 रेटिंग पॉइंट्स के साथ मौजूद हैं। टॉप 5 में दो भारतीय खिलाड़ियों का नाम शामिल है, जबकि छठे नंबर पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव मौजूद हैं। टॉप 10 में कुल तीन भारतीय खिलाड़ी नजर आ रहे हैं।
ऑलराउंडर और गेंदबाजी में भी कमाल
ऑलराउंडर की रैंकिंग में इस समय हार्दिक पांड्या 238 पॉइंट्स के साथ पहले स्थान पर हैं। दूसरे स्थान पर अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी 231 रेटिंग पॉइंट्स के साथ हैं। तीसरे पर जिम्बाब्वे के सिकंदर राजा 212 रेटिंग पॉइंट्स के साथ, चौथे नंबर पर नेपाल के दीपेंद्र सिंह एरी 209 रेटिंग पॉइंट्स के साथ और पांचवें नंबर पर पाकिस्तान के सईम अयूब 201 रेटिंग पॉइंट्स के साथ मौजूद हैं। टॉप 10 में भारत के एकमात्र खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ही शामिल हैं। वहीं T20 बॉलिंग में टॉप 10 में मात्र एक भारतीय नाम शामिल है। बता दें कि बॉलिंग कैटेगरी में भारत के वरुण चक्रवर्ती 747 पॉइंट्स के साथ पहले नंबर पर बने हुए हैं।
