आज से अस्थायी रूप से पर्यटकों के लिए बंद होगा धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम, जानिए क्या है कारण
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच इस समय T20 सीरीज खेली जा रही है, जिसका पहला मुकाबला बाराबती स्टेडियम, कटक में खेला गया था जिसे भारतीय टीम ने 101 रनों के विशाल अंतर से जीता। वहीं सीरीज का दूसरा मुकाबला महाराजा यादवेंद्र सिंह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पंजाब के बाद भारतीय टीम और साउथ अफ्रीका टीम हिमाचल पहुंचेगी। दरअसल हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में दोनों टीमें तीसरे T20 मुकाबले में आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले से पहले हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम को आज से पर्यटकों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।
एचपीसीए द्वारा यह फैसला सुरक्षा व्यवस्था, खिलाड़ियों की तैयारी और स्टेडियम को इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के अनुसार फाइनल ट्यूनिंग देने के लिए किया गया है। आज से इस स्टेडियम में तीसरे मुकाबले के लिए तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी। दरअसल भारत और साउथ अफ्रीका की टीमें 14 दिसंबर को इस मैदान पर आमने-सामने होंगी।
