Wed. Sep 2nd, 2026

कल मंडी में होगा कांग्रेस सरकार का ‘जन संकल्प सम्मेलन’, क्या है इस जिले को चुनने के पीछे का कारण

कल हिमाचल प्रदेश के मंडी में हिमाचल की कांग्रेस सरकार द्वारा जन संकल्प सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए कांग्रेस सरकार ने पूरी व्यवस्था कर ली है। कल के लिए मंडी का ट्रैफिक प्लान भी जारी कर दिया गया है।

अपने 3 साल के कार्यकाल को पूरा होने पर हिमाचल प्रदेश की सरकार मंडी में कल जन संकल्प सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। गुरुवार को होने वाले आयोजन के लिए मंडी के पड्डा मैदान में बड़ा मंच लगा दिया गया है। तैयारियों को लेकर राज्य के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह दो दिनों से मंडी में डटे हुए हैं। इसके अलावा पूरे शहर में प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लेकर पोस्टर-बैनर लगा दिए गए हैं। वहीं बड़ी संख्या में समर्थकों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पड्डा मैदान में 15 से 20 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

दरअसल यह रैली पूर्व सीएम जयराम ठाकुर के गृह जिले में आयोजित की जा रही है। ऐसे में राजनीतिक रूप से भी यह रैली महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कांग्रेस सरकार इस आयोजन के जरिए राजनीतिक ऊर्जा दिखाने का प्रयास कर रही है।

मंडी में ही क्यों आयोजित की जा रही यह रैली?

दरअसल जिस जिले में हिमाचल की कांग्रेस सरकार यह जन संकल्प सम्मेलन आयोजित करने जा रही है, उसमें पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था। जिले की 10 सीटों में से 9 सीटों पर कांग्रेस हार गई थी, केवल एक सीट पर कांग्रेस जीती थी। ऐसे में अब जिले में कांग्रेस इस रैली के जरिए सरकार की उपलब्धियों को गिनाने का प्रयास करेगी और आने वाले 2 वर्षों के विज़न को प्रभावी रूप से पेश करेगी, ताकि आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका असर दिखाई दे। वहीं इस जन संकल्प सम्मेलन को लेकर आज डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल भी मंडी पहुंचेंगे और इस कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेंगे।

ट्रैफिक प्लान में भी बड़े बदलाव किए गए

इससे पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार बीती शाम को ही मंडी पहुंच गए थे और तैयारियों का जायजा कर रहे हैं। मंडी में होने वाली इस रैली को देखते हुए ट्रैफिक प्लान में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। इसे लेकर एसपी साक्षी वर्मा ने कहा है कि लोगों की सुविधा को देखते हुए शहर में कई रूट अस्थायी रूप से बदले गए हैं। नए सुकेती पुल और विक्टोरिया पुल पर ट्रैफिक एक तरफ चलेगा, जबकि तल्याहाड़ चौक और बसों की आवाजाही भी केवल एक साइड ही रहेगी। चौहाटा बाजार से वाहनों की निकासी विक्टोरिया पुल के पास से की जाएगी, जबकि पुरानी मंडी-गुरुद्वारा होकर दोबारा बाजार में प्रवेश मिलेगा। सुबह 7:00 बजे से शाम 6:30 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed