श्योपुर पुलिस का नवाचारः आप भी बने प्रहरी बेहद लोकप्रिय हुआ
ग्वालियर। मध्यप्रदेश में श्योपुर पुलिस ने बस दुर्घटना व उसमे जनहानि रोकने के लिये एक ऐसा अभियान शुरू किया है। जिसकी पूरे प्रदेश में सर्वत्र सराहना हो रही है। इसके तहत बस दुर्घटनाओं को कम करने व सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उददेश्य से आम जनता को जागरूक करने के लिये प्रत्येक बस पर विशेष पोस्टर लगाये जा रहे हैं। जिसमें सभी यात्रियों से आग्रह किया जा रहा है कि वह यात्रा से पहले इन पर ध्यान दे और कोई कभी हो तो पुलिस द्वारा दिये गये इन नंबरों पर तत्काल संपर्क करें। इस अभियान का नाम दिया गया है आप भी बने प्रहरी।
श्योपुर पुलिस अधीक्षक का यह अभियान पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल की पहल पर शुरू हुआ है। पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल ने जब श्योपुर में पुलिस अधीक्षक का कार्यभार सम्हाला और उन्हें सूचना मिली कि श्योपुर में संचालित बसों में काफी कुछ कमियां है तो उन्होंने इसके लिये स्वयं निरीक्षण कर संचालित बसों को देखा और आरटीओ टीम व पुलिस को साथ लेकर इस अभियान की परिकल्पना की। श्योपुर पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल के अनुसार अब सभी बसों में पोस्टर लगाये गये हैं। विशेष बस यात्री जागरूकता अभियान को मैं भी प्रहरी नाम दिया गया है। इसके तहत बस में लगे पोस्टर में यात्रियों से आग्रह किया गया है कि वह बस का रजिस्ट्रेशन, वैद्य बीमा, परमिट, फिटनेस, चालक का वैद्य ड्रायविंग लायसेंस, अग्निशमन यंत्र की मौजूदगी, आपातकालीन द्वार में कोई रूकावट न हो पर ध्यान दें। यदि बस में कोई कमी दिखाई दे तो आप तुरंत यातायात प्रभारी श्योपुर 7587636406, पुलिस कंट्रोल रूम 7049101054 और डायल 112 पर सूचना दें, क्योंकि आपकी सूचना कई जिंदगियां बचा सकती हैं।
श्योपुर पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल के अनुसार सुरक्षित यात्रा की जिम्मेदारी हम की साझेदारी, आप भी बने प्रहरी, सतर्क रहे, सुरक्षित रहे व दूसरों को सुरक्षित रखे का यह पोस्टर आम बस यात्रियों में बेहद लोकप्रिय हुआ है और बस यात्री भी जागरूक होकर बसों में दिखी कमियों पर पुलिस को सूचना दे रहे हैं।
प्रदेशभर में हो रही सराहना
श्योपुर पुलिस के आप भी बने प्रहरी अभियान की प्रदेशभर में सराहना हो रही है। इस अभियान की चर्चा मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव से लेकर मुख्य सचिव व पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गई हैं। प्रदेशभर में बस दुर्घटना से बचाव के लिये श्योपुर पुलिस के आप भी बने प्रहरी अभियान के बिंदुओं पर अन्य जिले भी इसे अपनाने की पहल कर रहे हैं।
मप्र में अन्य जिलों में भी लागू होगा यह अभियान
श्योपुर का आप भी बने प्रहरी अभियान मध्यप्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू होगा। श्योपुर में सबसे पहले लागू हुआ यह अभियान बस की सुरक्षित यात्रा के लिये प्रदेशभर में एक नवाचार है
