Thu. Apr 23rd, 2026

MP में अभी और बढ़ेगी गर्मी, आज 9 जिलों में ‘वॉर्म नाइट’ का अलर्ट, कई शहरों में पारा 42 डिग्री के पार, सक्रिय हो रहा नया सिस्टम

मध्य प्रदेश में दिनों दिन गर्मी का असर तेज होता जा रहा है। वर्तमान में कई जिलों में तापमान 42 डिग्री के पार दर्ज किया जा रहा है। सोमवार (20 अप्रैल 2026) को खजुराहो जिले में सबसे ज्यादा 43 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं दतिया,रतलाम, सीधी, रीवा, श्योपुर में 42 डिग्री तो रायसेन, नौगांव और नरसिंहपुर में 41 डिग्री के आसपास रहा।

अगर बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में 42.5 डिग्री, भोपाल में 39.8 डिग्री, इंदौर में 39.5 डिग्री, उज्जैन में 39.5 डिग्री और जबलपुर में 38.5 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार (21 अप्रैल 2026) को भोपाल, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में लू का असर रहेगा। बीते दिन भोपाल, छिंदवाड़ा, मंडला और नर्मदापुरम गर्म रहे। न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री तक की वृद्धि देखने को मिली। खास करके भोपाल, गुना, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सागर और सिवनी में न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री तक दर्ज हुआ।

भोपाल मौसम केंद्र के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवातीय परिसंचरण का प्रभाव बना हुआ है। उत्तर भारत के ऊपर, माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी ऊंचाई पर लगभग 148 किमी/घंटा की गति से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 23 अप्रैल 2026 से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसके असर से आने वाले दिनों में तापमान में और इजाफा होगा और भीषण गर्मी पड़ेगी। मई में तापमान के 45 °C तक पहुंचने और लू चलने की संभावना जताई गई है।

फिलहाल बुंदेलखंड और महाराष्ट्र की सीमा से सटे जिलों में लू का असर बना हुआ है। दिन रात के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। मौसम विभाग ने 21 अप्रैल को भोपाल, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, सिवनी, मंडला और बालाघाट में ‘वार्म नाइट’ अलर्ट जारी किया है। बता दें कि जब रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री ज्यादा हो और दिन का तापमान 40 डिग्री या उससे ऊपर रहे, तो उसे वॉर्म नाइट कहा जाता है। इधर, भीषण गर्मी को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव कर उन्हें सुबह जल्दी संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *