कोटा में PHED की 900 एमएम की पाइप लाइन टूटी हजारों लीटर पानी सड़क पर बह गया, लोग नहाने लगे, गाड़ियां धोने लगे
कोटा शहर में विकास पथ निर्माण कार्य के दौरान जलदाय विभाग (PHED) की पाइप लाइन टूट गई। पाइप लाइन टूटने से गर्मी में हजारों लीटर पानी सड़क पर बह गया। लोग नहाने लगे, कुछ लोग अपनी गाड़ियां धोने लगे।
पाइपलाइन टूटने से नए कोटा के कई इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित हुई। सूचना पर जलदाय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पाइपलाइन को दुरुस्त करने का काम शुरू किया। घटना सुबह 9 बजे की घटोत्कच सर्किल गौतम छात्रावास के पास की है।
जानकारी के अनुसार कोटा विकास प्राधिकरण (KDA) द्वारा शिवपुरा से लेकर गोबरिया बावड़ी तक विकास पथ का निर्माण किया जा रहा। दो दिन से गौतम छात्रावास के पास स्थित नाले पर ठेकेदार खुदाई करवा रहा है। यहां नाले पर दीवार का निर्माण कार्य होना है।
20 फीट ऊंचाई तक पहुंची फुहार
आज जेसीबी से खुदाई के दौरान जलदाय विभाग की 900 एमएम की लाइन टूट गई। पाइप लाइन टूटने से पानी की 15-20 फीट ऊंची जलधारा बहने लगी। पाइप लाइन से निकलने वाले पानी से सड़क किनारे लोग नहाने लगे, गाड़ियां धोने लगे। काफी देर तक ये सिलसिला चलता रहा। बाद में जेसीबी के जरिए पाइप लाइन को कवर्ड किया।
इन इलाकों में होती है सप्लाई
जलदाय विभाग वितरण उपखण्ड थर्ड के AEN अशोक बामणावत मौके पर पहुंचे। अशोक ने बताया कि ये पाइप लाइन अकेलगढ़ से जेके, डीसीएम तक जाती है। इस पाइपलाइन के जरिए पूरे महावीर नगर, टीचर कॉलोनी, वसंत विहार जोन, रंगबाड़ी, प्रेम नगर, डीसीएम, कंसुआ तक पानी की सप्लाई होती है।
खुदाई से पहले नहीं दी सूचना
पाइप लाइन के टूटने से सप्लाई रुकवाई है। पाइपलाइन को ठीक करने का काम किया जा रहा है। KDA द्वारा निर्माण कार्य के समय लाइन टूटी है। ठेकेदार को खुदाई से पहले सूचना देनी चाहिए थी। लेकिन ठेकेदार ने सूचना नहीं दी।
