स्वास्थ्य मंत्री की पहल से बदली तस्वीर मनेंद्रगढ़ की अटल आरोग्य लैब में 10 दिन में 4 हजार से अधिक जांचें
मनेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के 220 बिस्तरीय सरकारी अस्पताल में संचालित अटल आरोग्य लैब आम नागरिकों, विशेष रूप से गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। लैब के शुभारंभ के महज 10 दिनों के भीतर 4 हजार से अधिक जांचें किए जाने का आंकड़ा सामने आया है, जो इस सुविधा की
क्षेत्र में लंबे समय से अत्याधुनिक और सुलभ जांच सुविधाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अटल आरोग्य लैब के शुरू होने के बाद मरीजों को अब सामान्य और विशेष जांचों के लिए निजी पैथोलॉजी केंद्रों या बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है। इससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से स्थापित इस लैब में वर्तमान में 136 प्रकार की जांचें उपलब्ध हैं। आधुनिक तकनीक और उन्नत मशीनों से लैस यह सुविधा मरीजों को सटीक और त्वरित जांच रिपोर्ट उपलब्ध करा रही है। इससे चिकित्सकों को रोगों की पहचान और उपचार शुरू करने में भी आसानी हो रही है।
छत्तीसगढ़ में अटल आरोग्य लैब की स्थापना के क्रम में मनेंद्रगढ़ को दूसरा स्थान मिला है। प्रदेश की पहली लैब कोरिया जिले के बैकुंठपुर जिला अस्पताल में शुरू की गई थी। दोनों स्थानों पर मिल रही सफलता के बाद अब इस मॉडल को प्रदेश के अन्य जिलों में भी विस्तार दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह केवल शुरुआत है। आने वाले समय में स्वास्थ्य सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा ताकि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उनका लक्ष्य सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को इतना मजबूत बनाना है कि आम लोगों का भरोसा लगातार बढ़े।
क्षेत्रवासियों के लिए एक और राहतभरी खबर यह है कि जल्द ही जिला अस्पताल चिरमिरी में भी अटल आरोग्य लैब शुरू की जाएगी। इसके शुरू होने के बाद आसपास के हजारों लोगों को बेहतर जांच सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी और निजी जांच केंद्रों पर निर्भरता कम होगी।
अस्पताल में लैब के सफल संचालन के पीछे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे तथा अस्पताल प्रभारी डॉ. स्वप्निल तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही है। उनके नेतृत्व में प्रशिक्षित तकनीशियन और स्वास्थ्यकर्मी पूरी व्यवस्था को व्यवस्थित ढंग से संचालित कर रहे हैं।
अत्याधुनिक मशीनों, प्रशिक्षित स्टाफ और बेहतर प्रबंधन के कारण मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट मिल रही है। इससे गंभीर बीमारियों की पहचान जल्द हो रही है और उपचार में देरी नहीं हो रही।
अटल आरोग्य लैब की इस पहल ने मनेंद्रगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी है। सरकारी अस्पतालों में बढ़ती सुविधाओं और जांच सेवाओं की उपलब्धता से लोगों का भरोसा मजबूत हुआ है और हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिल रहा है।
