उत्तरप्रदेश NEET परीक्षार्थियों के लिए आज से आधा लगेगा बस का किराया, परीक्षा स्पेशल ट्रेनों से कर सकेंगे सफर
21 जून को देशभर में नीट यूजी री एग्जाम का आयोजन किया जाने वाला है। इसमें शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए उत्तर प्रदेश में शुक्रवार मध्य रात्रि के बाद रोडवेज और सिटी बसों में टिकट में 50% की छूट मिलने लगेगी। प्रशासन द्वारा पहले ही इसकी जानकारी दी जा चुकी है।
अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए लखनऊ के 22 मार्गो पर ई सिटी बसों का संचालन सिटी ट्रांसपोर्ट की ओर से किया जाएगा। वही पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से गोरखपुर लखनऊ गोरखपुर के मध्य चार अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाने वाली है।
किराए में 50 फीसदी की छूट
प्रशासन द्वारा रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क बनाई गई है। रोडवेज बसों की हर श्रेणी के किराए में परीक्षार्थियों को 50 फीसदी की छूट मिलने वाली है। चाहे ये बस वातानुकूलित हो या फिर साधारण और एसी ई सिटी बस सभी में छूट दी जाने वाली है। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए परीक्षार्थियों को अपने प्रवेश पत्र की कॉपी बस कंडक्टर को देनी होगी।
चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने भी अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्था की है। परीक्षा स्पेशल ट्रेन गोरखपुर से लखनऊ जंक्शन के लिए चलाई जाने वाली है। यह 4:05 पर गोरखपुर से चलेगी और खलीलाबाद, बस्ती, बभनान, मनकापुर, गोंडा, करनैलगंज, बाराबंकी, बादशाह नगर से होते हुए 10 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसी तरह से ट्रेन नंबर 05008, 05036 का संचालन भी लखनऊ और गोरखपुर के बीच किया जाने वाला है। इन गाड़ियों में सामान्य द्वितीय श्रेणी के 10 कोच रहेंगे।
21 जून तक मिलेगी सुविधा
बस किराए में मिलने वाली इस छूट की सुविधा 21 जून की रात 12 बजे तक लागू रहेगी। किसी भी जानकारी के लिए परीक्षार्थी सिटी ट्रांसपोर्ट के हेल्पलाइन नंबर 1800 1805014 पर संपर्क कर सकते हैं।
